निर्माणाधीन कच्ची दरगाह-राघोपुर पुल निर्माण दिसम्बर 23 तक होगा पूर्ण-नीतीश

मुख्यमंत्री ने की जेपी गंगा पथ सहित दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा

अवध किशोर शर्मा/सोनपुर (सारण)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 30 अप्रैल को जेपी गंगा पथ परियोजना निर्माण कार्य तथा गंगा नदी पर निर्माणाधीन कच्ची दरगाह – बिदुपुर 6 लेन ग्रीन फिल्ड पुल परियोजना के निर्माण स्थल का निरिक्षण किया।

निरिक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश ने इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के कार्य की प्रगति का जायजा लेने के दौरान कहा कि कच्ची दरगाह से राघोपुर तक पुल का निर्माण कार्य दिसम्बर 2023 तक पूर्ण कर लिया जायेगा।

बचे हुए निर्माण कार्य भी जल्द से जल्द पूर्ण कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जेपी पथ भी सरकार बनवा रही है। इसी साल इसका निर्माण कार्य पूरा हो जायेगा। उन्होंने अधिकारियों को तेजी से निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री नीतीश जेपी गंगा पथ होते हुए गायघाट पहुंचे और वहां कराये जा रहे निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सीएम को बताया कि जेपी गंगा पथ का गायघाट तक निर्माण कार्य जून माह तक पूर्ण हो जायेगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पटना की आबादी बढ़ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए जेपी गंगा पथ का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जेपी गंगा पथ के बचे हुए निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें, ताकि रहिवासियों का आवागमन और आसान हो सके। उन्होंने कहा कि गंगा नदी में गंदा पानी नहीं गिरे इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करें। गंदे पानी को सीवरेज ट्रिटमेंट प्लांट के माध्यम से शुद्ध करने की व्यवस्था करें।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री कच्ची दरगाह पहुंचे और गंगा नदी पर निर्माणाधीन कच्ची दरगाह – बिदुपुर 6 लेन ग्रीन फिल्ड पुल परियोजना के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने यहां कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्य के विभिन्न अवयवों एवं प्रगति कार्य के संबंध में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान कहा कि उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार की संपर्कता और बेहतर करने के लिए कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन व गंगा पुल का निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहार की राजधानी पटना के पूर्वी हिस्से के रहिवासियों का आवागमन सुगम बनाने के लिए जेपी गंगा पथ से इसे जोड़ा जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि इस परियोजना को जल्द से जल्द पूर्ण करें। इसको लेकर सरकार हर संभव सहयोग करेगी। गंगा नदी पर इस पुल के बन जाने से रहिवासियों को काफी सहूलियत होगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप कुमार, आर पुडक्कलकट्टी, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा समेत अन्य वरीय अधीकारीगण एवं अभियंतागण उपस्थित थे।

कच्ची दरगाह में निर्माण कार्य का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुये कहा कि इस पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने आज हमलोग यहां आये हैं। हमने अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूरा कराने को लेकर निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि बीच में कोरोना के कारण निर्माण कार्य में दिक्कत हुई।

हमलोग चाहते हैं कि इस साल के अंत या फिर अगले साल के शुरुआती एक-दो महीने में निर्माण कार्य पूर्ण हो जाय। निर्माण कार्य पूरा होने से राहगीरों को आने-जाने में काफी सुविधा होगी।

उन्होंने कहा कि जेपी गंगा पथ हमलोग बनवा रहे हैं। इसी साल इसका निर्माण कार्य पूरा हो जायेगा। नालंदा से लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सबकी चिंता आपलोग मत कीजिए।

 199 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *