सीएम ने दी चेतावनी-नियम नहीं माने तो लगेगा प्रतिबंध

डेढ़ माह में बढ़े 7 गुना एक्टिव मामले

राज्य में 24 घंटे में 1,045 नए कोरोना संक्रमित

प्रहरी संवाददाता/मुंबई। महाराष्ट्र (Maharashtra), खासतौर पर मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों ने सरकार (Government) की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे के दौरान महाराष्ट्र में जहां 1,045 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं, वहीं सिर्फ मुंबई में 704 लोग कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive) पाए गए।

हालांकि, इसमें से 671 में बिमारी के कोई लक्षण नहीं मिले हैं। इन्हें फिलहाल होम क्वारैंटाइन में रहने के लिए कहा गया है। बढ़ते मामलों पर सीएम उद्धव ठाकरे (CM Uddhav Thakrey) ने शुक्रवार को चिंता जताते हुए, आने वाले समय में कड़ी पाबंदियों का संकेत भी दिया।

सीएम ने कहा,’ कुछ दिनों से कोविड के मामले बढ़ रहे हैं। राज्य सरकार (State Government) आगे आने वाले 15 दिन नजर बनाए रखेगी। अगर पाबंंदियां नही चाहिए तो कोविड के सारे नियमों का पालन करें और वैक्सीन लगवाएं।

शुक्रवार को सीएम ने कोविड टास्क फोर्स की टीम के साथ एक बैठक की है। बता दें कि महाराष्ट्र में पिछले डेढ़ महीने के दौरान एक्टिव केस में 7 गुना की बढ़ोतरी देखने को मिली है।

मुंबई में महारष्ट्र के 64% कोरोना मरीज

1 मई को महाराष्ट्र में 169 कोविड-19 मामले दर्ज किए गए थे, जो 31 मई को बढ़कर 711 हो गए। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मई में राज्य में सामने आए कोरोना के कुल 9 हजार 354 मामलों में से 5 हजार 980 मामले लगभग 64% अकेले मुंबई से थे।

इसके बाद मनपा ने अपनी टेस्टिंग कैपेसिटी को 8 हजार से बढ़ा कर 25 हजार प्रतिदिन कर दिया है। कई नमूनों की जीनोम सीक्वेंसिंग भी करवाई गई है, इसके रिजल्ट सामने आने के बाद अचानक बढ़े मामलों के पीछे का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

मुंबई में हाई अलर्ट तीन गुना बढ़ा टेस्टिंग

मनपा ने अपने कर्मचारियों को अलर्ट पर रखते हुए टेस्टिंग तीन गुना बढ़ा दी है। मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने कहा कि हमने पहली और दूसरी लहर से सीख लेते हुए आने वाले खतरे से निपटने की सभी तैयारी पूरी कर ली है। बता दें की कोविड की पहली लहर मार्च 2020 में आई थी और दूसरी जनवरी 2021 में देखने को मिली।

मुंबई में 17 दिन बाद गुरुवार को कोरोना संक्रमण से एक महिला की मौत हुई है। उक्त महिला की उम्र 40 साल से कम थी। एक नई मौत के साथ, मरने वालों की संख्या बढ़कर 19,567 हो गई। एक दिन पहले, शहर में 739 नए मामले देखे गए थे, जो 4 फरवरी के बाद से सबसे अधिक थे, लेकिन कोई मृत्यु नहीं हुई थी।

महाराष्ट्र में 7 गुना बढ़े एक्टिव मामले

स्वास्थ्य सचिव डॉ प्रदीप व्यास ने कहा कि पिछले डेढ़ महीने में राज्य में एक्टिव केस सात गुना बढ़ गए हैं। 16 अप्रैल को 626 एक्टिव केस थे और गुरुवार को यह आंकड़ा 4,500 पर पहुंच गया।

एक विश्लेषण से पता चलता है कि मुंबई और आसपास के शहरी केंद्रों जैसे ठाणे, नवी मुंबई और पुणे से 97 प्रतिशत नए मामले सामने आ रहे हैं। इनमें सबसे बड़ा हिस्सा मुंबई का है जहां पॉजिटिविटी रेट 6 प्रतिशत है, जो राज्य के औसत से दो गुना है। मुंबई में अब 3,324 एक्टिव कोविड -19 केस हैं। बुधवार को मुंबई में 2,970 एक्टिव केस थे।

 168 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *