Advertisement

नवंबर-दिसंबर में चास नगर निगम चुनाव, ट्रिपल टेस्ट प्रक्रिया पूरी

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। लंबे समय से लंबित बोकारो जिला के हद में चास नगर निगम चुनाव को लेकर तस्वीर अब स्पष्ट हो गई है। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी यादव ने 23 जुलाई को जानकारी दी कि चुनाव इसी वर्ष नवंबर-दिसंबर में संपन्न कराए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चुनाव की तैयारी कर रही है और रिपोर्ट जल्द राज्य चुनाव आयोग को सौंपी जाएगी। अंतिम निर्णय अब आयोग को लेना है। उन्होंने बताया कि राज्य में नगर निगम चुनाव में देरी की प्रमुख वजह ओबीसी आरक्षण और ट्रिपल टेस्ट प्रक्रिया को लेकर उठे सवाल थे। इस संबंध में अदालत में याचिका दाखिल हुई थी, जिस पर न्यायालय ने चुनाव कराने का निर्देश दिया था। ट्रिपल टेस्ट प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है, जिससे चुनाव में आ रही बाधाएं दूर हो गई हैं।

इस अवसर पर बोकारो दौरे पर पहुंचे जानकी यादव और आयोग के सदस्य लक्ष्मण यादव ने चास नगर निगम क्षेत्र का दौरा किया। भ्रमण के दौरान वे मतदाता सूची, सामाजिक संरचना और प्रशासनिक तैयारियों का आकलन कर रहे हैं।
बोकारो परिसदन में आयोग के सदस्यों का भव्य स्वागत किया गया। समर्थकों ने माला और गुलदस्ते देकर सम्मान किया।

जानकी यादव ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और संवैधानिक दायरे में संपन्न कराया जाएगा। अब उम्मीद है कि जल्द ही राज्य चुनाव आयोग की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी होगी, जिससे चास नगर निगम में लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बहाली का मार्ग प्रशस्त होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *