Advertisement

ज़ोजिला सुरंग परियोजना में सेल की बड़ी भागीदारी

अब तक 31 हज़ार टन से ज़्यादा स्टील की आपूर्ति

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। भारत की सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी इस्पात उत्पादक कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ज़ोजिला सुरंग परियोजना की प्रमुख स्टील आपूर्तिकर्ता बनकर उभरी है। यह सुरंग न केवल भारत की सबसे लंबी सड़क सुरंग होगी, बल्कि इसके एशिया की सबसे लंबी दोतरफा सुरंग बनने की भी संभावना है।

सेल ने इस अत्यंत महत्त्वाकांक्षी और रणनीतिक परियोजना के लिए अब तक 31 हजार टन से अधिक स्टील की आपूर्ति की है। इसमें टीएमटी री-बार, स्ट्रक्चरल स्टील और प्लेट्स शामिल हैं। यह सुरंग, जो वर्ष 2027 तक पूर्ण होने की संभावना है, देश के सामरिक और नागरिक दोनों दृष्टिकोणों से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सेल की इस परियोजना में सहभागिता उसकी गुणवत्ता, विश्वसनीयता और राष्ट्र निर्माण में समर्पण का एक और उदाहरण है। देश की कई प्रतिष्ठित परियोजनाओं जैसे अटल सुरंग, चिनाब रेलवे पुल, बोगीबील पुल, ढोला-सादिया पुल और बांद्रा-वर्ली सी लिंक में भी सेल ने अहम भूमिका निभाई है।

ज्ञात हो कि, ज़ोजिला सुरंग करीब 30 किलोमीटर लंबी है और 11,578 फीट की ऊँचाई पर हिमालय की चुनौतीपूर्ण पर्वत श्रृंखलाओं में बनाई जा रही है। यह सुरंग श्रीनगर और लेह के बीच, द्रास और कारगिल होकर साल भर निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करेगी। इससे न केवल स्थानीय आबादी को लाभ मिलेगा, बल्कि सेना के लिए भी रणनीतिक पहुंच आसान होगी। यह परियोजना भारत के राष्ट्रीय अवसंरचना विकास मिशन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके निर्माण से न केवल संपर्क बेहतर होगा, बल्कि स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *