एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सीसीएल मुख्यालय स्थित डिस्पेंसरी में 12 जनवरी को नए हॉस्पिटल इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (एचआईएमएस) का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने विधिवत फीता काटकर किया।
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड स्थित दरभंगा हाउस डिस्पेंसरी में एचआईएमएस के उद्घाटन के अवसर पर सीसीएल के निदेशक (मा. सं.) हर्ष नाथ मिश्र ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में सीसीएल की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सीसीएल डिस्पेंसरी में प्रारंभ की गई यह नई सुविधा स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम है।
कहा कि नए एचआईएमएस के स्थापित होने से अब गांधीनगर अस्पताल, सीसीएल की तरह ही दरभंगा हाउस डिस्पेंसरी में सीसीएल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को उच्च गुणवत्तापूर्ण इलाज संभव होगा।इससे यहां कार्यरत कर्मियों की स्वास्थ्य संबंधी सूचनाएं (केस हिस्ट्री) डिजिटली रूप से संग्रहीत होगा, जिससे भविष्य में भी मरीज़ों का बेहतर उपचार संभव हो सकेगा।
एचआईएमएस उद्घाटन कार्यक्रम में सीसीएल गांधीनगर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजकुमार, डॉ राजीव कुमार जायसवाल, डॉ भगत, डॉ सांवली, महाप्रबंधक (अधिकारी स्थापना) संजय कुमार ठाकुर, महाप्रबंधक (प्रणाली) विभा उरांव की विशेष उपस्थिति तथा अहम योगदान रहा।

इस दौरान सीसीएल मुख्यालय दरभंगा हाउस डिस्पेंसरी के चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर राजीव जायसवाल ने कहा कि यह पहल कर्मियों को सुलभ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। मौके पर डिस्पेंसरी के कर्मचारीगण यथा आमोद प्रसाद, सरिका प्रसाद, कंचन स्नेहलता कुजूर, चम्पा उरांव, रवि प्रधान, संगीता देवी, पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे। कार्यक्रम के समापन के अवसर पर उपस्थित सभी कर्मियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस नई सुविधा को स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम बताया।
![]()













Leave a Reply