Advertisement

अंतर्राष्ट्रीय निबंध प्रतियोगिता में बोकारो के छात्र बबलू ने हासिल किया दूसरा स्थान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के हिसीम के प्रतिभाशाली छात्र बबलू कुमार महतो ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त कर जिले और राज्य का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

जानकारी के अनुसार यह प्रतिष्ठित निबंध प्रतियोगिता हार्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट तथा श्रीराम चंद्र मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई थी, जिसमें भारत सहित कई देशों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बबलू कुमार महतो ने हिंदी भाषा में अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।

ज्ञात हो कि कसमार रहिवासी बबलू वर्तमान में झारखंड की रांची में रहकर साईं नाथ यूनिवर्सिटी ओरमांझी में अध्ययन कर रहे हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वे सामाजिक और पर्यावरणीय कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। प्राकृतिक रक्षण के माध्यम से वे पर्यावरण संरक्षण, पौधा रोपण और स्वच्छता के प्रति आमजनों को लगातार जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से साईं नाथ विश्वविद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों, सहपाठियों और क्षेत्र के रहिवासियों ने बबलू को साधुवाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *