Advertisement

कनेक्टकॉन पीआर कॉन्क्लेव में बोकारो स्टील का दबदबा, पीआर अधिकारी पुरस्कृत

भिलाई में बजा बोकारो का डंका, विश्व जनसंपर्क दिवस पर कॉन्क्लेव का आयोजन

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। बोकारो स्टील लिमिटेड के जनसंपर्क विभाग के डिजिटलीकरण और सोशल मीडिया सहित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के मामले में देशभर में प्रसिद्धि दिलाने वाले जनसंपर्क अधिकारी अभिनव शंकर ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने में सफल रहे है।

जानकारी के अनुसार बीते 18 जुलाई को सेल के भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के जनसंपर्क विभाग की ओर से विश्व जनसंपर्क दिवस के उपलक्ष्य में भिलाई निवास के बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित राष्ट्र स्तरीय पीआर कॉन्क्लेव कनेक्टकॉन में अभिनव ने अपनी प्रस्तुति के जरिए प्रथम स्थान प्राप्त कर बोकारो इस्पात का नाम गौरवान्वित किया है। पीआर अभिनव ने अपनी प्रस्तुति में बोकारो स्टील द्वारा एआई एंड यू सहित पीआर क्षेत्र में किए जाने वाले नवोन्मेषी कार्यों की विस्तार से जानकारी दी, जिसे सभी ने सराहा।

इतना ही नहीं, ऑन द स्पॉट एड क्रिएशन कॉम्पिटिशन में अभिनव ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा।
आयोजित कॉन्क्लेव में सेल के राउरकेला, बोकारो, कारपोरेट ऑफिस, वीआईएसएल, सीएसपी सहित जनसंपर्क पेशेवरों, उद्योग विशेषज्ञों और विभिन्न प्रतिष्ठित संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर प्रभावी संचार रणनीतियों एवं सम्बंधित विषयों पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान बीएसपी के जनसंपर्क विभाग द्वारा कई लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम को रोचक बनाने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को मौके पर ही पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में वरिष्ठ प्रबंधक जनसंपर्क, बीएसएल बोकारो अभिनव शंकर ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। महाप्रबंधक एचआर एवं पीआर, वीआईएसएल एल. प्रवीण कुमार को द्वितीय पुरस्कार जबकि उप महाप्रबंधक एसएसएस थ्री, बीएसपी नितिन अग्निहोत्री तृतीय स्थान पर रहे। प्रोत्साहन पुरस्कार समन्विता घोष ने पायी।

इससे पूर्व, कार्यक्रम का उद्घाटन बीएसपी के निदेशक प्रभारी बतौर मुख्य अतिथि चितरंजन महापात्रा ने किया । कनेक्ट, कम्युनिकेट, क्रिएट थीम पर आधारित एक दिवसीय कॉन्क्लेव का उद्देश्य जनसंपर्क के क्षेत्र में नवीनतम प्रवृत्तियों, चुनौतियों, अवसरों और बदलते रुझान पर गहन विचार-विमर्श करना था। कार्यक्रम में बीएसपी सहित विभिन्न संयंत्रों के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। निदेशक प्रभारी महापात्रा ने कनेक्टकॉन के आयोजन हेतु जनसंपर्क विभाग को साधुवाद दी तथा कहा कि जनसंपर्क की भूमिका अब केवल मीडिया प्रबंधन तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह किसी भी संगठन के संस्थागत विकास का एक रणनीतिक आधार बन चुका है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *