भाजपा का सत्ता में आने का ख्वाब मुंगेरीलाल का हसीन सपना-विजय शंकर नायक

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड में भाजपा का सत्ता में आने का ख्वाब मुंगेरीलाल के हसीन सपनों की तरह है, जो अब कभी पूरा होने वाला नहीं है।

उक्त बातें संपूर्ण भारत क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सह प्रभारी झारखंड व् छत्तीसगढ़ विजय शंकर नायक ने 21 जुलाई को कही।

उन्होंने बीते 20 जुलाई को देश के गृह मंत्री एवं भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह के रांची आगमन एवं असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्वसर्मा तथा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान के झारखंड में आकर झारखंडी समाज को बरगलाने हेतु अनाप सनाप बयान देने पर अपनी प्रतिक्रिया में उक्त बातें कही।

संपूर्ण भारत क्रांति पार्टी राष्ट्रीय महासचिव नायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी झारखंड में कम से कम 15 वर्षों तक राज करने तथा सत्ता में बने रहने का काम किया है। राज्य की जनता ने उनके कामों को देखा है। परखा है। उसके बाद ही उसे इस बार सत्ता से उखाड़ फेंकने का काम किया है।

नायक ने कहा कि भाजपा के 15 वर्षों के कार्यकाल में सिर्फ 10 कार्य आदिवासी मूलवासी हित में जो किए हैं उनको झारखंडी जनता के बीच में बताने का काम करें। आज जो झारखंड की हालत है वह भाजपा सरकारों की देन है। चाहे रघुवर दास हो चाहे अर्जुन मुंडा या बाबूलाल मरांडी।

इन मुख्यमंत्रीयों ने राज्य को सिर्फ और सिर्फ लूटने का काम किया है। नागपुर एवं आरएसएस के इशारे पर झारखंड के दलित, आदिवासी, मूलवासी समाज को कैसे गुलाम बनाया जाय उसकी रणनीति पर ही इन 15 वर्षों में कार्य करने का काम किया गया है। अब बीजेपी वाले मुगालते में नहीं रहे कि वह पुनः झारखंड में सरकार बना लेंगे। यह उनका दिवास्वप्न है जो आने वाले विधानसभा चुनाव में भ्रम टूट जाएगा।

नायक ने कहा कि आज झारखंड में जो स्थिति बनी है उसके लिए भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार पूर्ण रूप से दोषी है। इस सरकार की सबसे बड़ी खूबी यह रही कि इस सरकार में ऐसे एक्सपेरिमेंट झारखंड में किए गए जो झारखंड के इतिहास में काला धब्बा के रूप में सदियों तक याद किए जाएंगे।

इसलिए बीजेपी लाख माथा पटक ले मगर झारखंड में सरकार में कभी नहीं आने वाली है। क्योंकि झारखंड के दलित, आदिवासी, मूलवासी जनता ने उनके काले कारनामों को 15 वर्षों तक झेलने का काम किया। अब राज्य की जनता वैसी भ्रष्ट सरकारों को देखना भी पसंद नहीं करेगी।

 40 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *