भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया गांधी एवं शास्त्री की जयंती

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। गाँधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जयंती मनाया। जयंती पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय के बोकारो जिला (Bokaro District) के हद में फुसरो स्थित आवासीय कार्यालय में मनाया गया।

इस अवसर पर पूर्व पीएम शास्त्री एवं राष्ट्रपिता गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व निवर्तमान फुसरो मंडल अध्यक्ष भाई प्रमोद सिंह एवं संचालन भरत वर्मा ने किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद पांडेय ने कहा कि आज की तारीख दो अक्टूबर ऐतिहासिक है। आज ही के दिन देश की दो सबसे महान हस्तियों का जन्म हुआ था। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा का पाठ पढ़ाकर अंग्रेजों के नाक में दम करने वाले हमारे राष्ट्रपति महात्मा गांधी का जन्म दो अक्टूबर के दिन हुआ था।

वहीं आज ही की तारीख में 1904 में देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का भी जन्म हुआ था। राष्ट्रपति महात्मा गांधी यानी ‘बापू’ के कार्यों तथा विचारों ने देश की स्वतंत्रता और इसके बाद आजाद भारत को आकार देने में बड़ी भूमिका निभाई थी।

दूसरी ओर पूर्व पीएम शास्त्री ने वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान ‘जय जवान जय किसान’ का नारा देकर भारतीय स्वाभिमान और संप्रभुता की रक्षा करने में अहम योगदान दिया था।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शों को लेकर वर्तमान में खूब चर्चा होती है। राजनीतिक दलों से लेकर सामाजिक संगठन तक उनके दिखाए गए मार्गों पर चलने का दावा करते रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उन्हें अपना आदर्श मानते हैं।

पूर्व सांसद पांडेय ने कहा कि गांधी मात्र व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं। जिसे वैश्विक स्तर पर स्वीकृति मिली और भारत गांधी के देश के नाम से ही जाना गया। दूसरी ओर शास्त्री की विशेष पहचान पूर्व पीएम होने के साथ-साथ भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाने वालें सेनानियों में थे।

उनका प्रधानमंत्री पद (Prime ministership) का कार्यकाल तो बेहद छोटा रहा, लेकिन उन्होंने इस दौरान पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को युद्ध की स्थिति में उन्होंने घुटनों पर ला दिया। देश की संप्रभुता के साथ न समझौता किया और राष्ट्रवाद की ऐसी आंधी चलाई कि लोग त्याग में एक समय का भोजन तक छोड़ने को तैयार हो गए थे।

मौके पर वरीय नेता मधुसूदन प्रसाद सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, विनय सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष रामकिंकर पांडेय, स्वच्छता प्रभारी दिनेश सिंह, रमेश स्वर्णकार, अनिल गुप्ता, सुभाष वर्णवाल, मनोज कुमार, मुलचंद खुराना आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

 110 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *