भूख हड़ताल को लेकर बनी रणनीति, 28 जुलाई से होगा भूख हड़ताल-मुमताज
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र के स्वांग वाशरी स्लरी क्लीनिंग से जुड़े अवॉर्डी मजदूरों को नियोजन देने के सवाल को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता मुमताज आलम ने 16 जुलाई को कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौपा। पत्र की प्रति झामुमो नेता ने सूबे के मुख्यमंत्री सहित पेयजल एवं स्वच्छता सह मध्य निषेध मंत्री, झारखंड के पुलिस महानिदेशक, सीसीएल के सीएमडी, बोकारो जिला उपायुक्त तथा पुलिस अधीक्षक को भेजा है।
बताया जाता है कि, झामुमो नेता मुमताज आलम द्वारा महाप्रबंधक को सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि बीते 27 मई को अवॉर्डी मजदूर बुटकी बाई एवं 43 अन्य मजदूरों द्वारा महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष आहुत भूख हड़ताल के बाद बेरमो बीडीओ के हस्तक्षेप से प्रबंधन न्यायालय द्वारा आदेश प्राप्त होने के बाद नियोजन देने की सहमति दी थी। पत्र में उन्होंने कहा कि महाप्रबंधक से प्राप्त सहमति के बाद मजदूरों द्वारा न्यायालय में दाखिल याचिका वापस ले लिया गया। ऐसे में अब किसी प्रकार नियोजन संबंधी अड़चन नहीं रह गया है। इसलिए प्रबंधन अवॉर्ड धारियों को नियोजित करने का कार्य करें।
झामुमो नेता मुमताज के अनुसार समयावधि बीतने के बाद भी क्षेत्रीय प्रबंधन द्वारा इस मामले में किसी तरह की पहल नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन की बेरुखी को लेकर पुनः अवर्डी मजदूरों द्वारा आगामी 28 जुलाई से आमरण अनशन पर बैठने का निर्णय लिया गया है। यदि किसी भी प्रकार की अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेवारी क्षेत्रीय प्रबंधन की होगी।

मौके पर अवॉर्डी मजदूर नेता डिविजन सिंह ने कहा कि यदि हमारी मांगों पर शासन, प्रशासन व् प्रबंधन द्वारा गंभीरता पूर्वक विचार नहीं किया जाता है तो उग्र आंदोलन करते हुए हम सभी अवार्ड धारी मजदूर आगामी 28 जुलाई को एकबार फिर भूख हड़ताल व् आमरण अनशन करने के लिए बाध्य होंगे। इसलिए कथारा क्षेत्रीय प्रबंधन को हम सभी अवॉर्डी मजदूरों ने ज्ञापन दिया है।
मौके पर अवार्डी मजदूर बुटकी बाई, महेंद्र रजक, मुकुंद दुसाध, कार्तिक भुईयां, किट्टू रविदास, सुखवारा बाई, सरसती बाई, दुर्योधन धोबी, आंदोलनकारी का प्रतिनिधित्व कर रहे झामुमो नेता मुमताज आलम, अरबिंद सिन्हा के साथ साथ दर्जनों मजदूर उपस्थित थे।
![]()














Leave a Reply