Advertisement

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सभी विद्यालय छात्राओं को लगेगा एचपीवी वैक्सीन

सरकारी स्कूलों से शुरुआत, अब निजी स्कूल और मदरसों तक विस्तार

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा रोग से बचाने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान के तहत 9 से 14 वर्ष की आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी का सुरक्षित एवं प्रभावी टीका लगाया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग की संयुक्त भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार अभियान की शुरुआत सारण जिले के सरकारी विद्यालयों में की गई है। इसके बाद अब निजी स्कूलों एवं मदरसों को भी अभियान में शामिल किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक छात्राओं को इस जानलेवा बीमारी से सुरक्षित किया जा सके।
प्राथमिक शिक्षा निदेशक साहिला द्वारा बिहार के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर टीकाकरण कार्य में विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान की सफलता के लिए शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों और मदरसों को निर्देशित है कि वे अपने संस्थान में एक नोडल शिक्षक व कर्मचारी को टीकाकरण समन्वय के लिए नामित करें। विद्यालय के प्रधानाध्यापक और प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ समन्वय स्थापित कर सुनियोजित ढंग से टीकाकरण सत्रों का संचालन कराएं।

बताया जाता है कि टीका लगाने से पहले स्वास्थ्य विभाग की ओर से छात्राओं के अभिभावकों को आवश्यक जानकारी प्रदान की जा रही है। माता-पिता की सहमति से ही छात्राओं का टीकाकरण किया जा रहा है। साथ ही स्वास्थ्य जांच शिविरों के माध्यम से बालिकाओं की प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच भी की जा रही है।

एचपीवी वैक्सीन है सुरक्षित और असरदार-सिविल सर्जन

सारण जिला सिविल सर्जन डॉ सागर दुलाल सिन्हा ने 24 जुलाई को बताया कि एचपीवी वैक्सीन मानव पेपिलोमा वायरस संक्रमण से होने वाले सर्वाइकल कैंसर सहित कई अन्य कैंसरों से सुरक्षा प्रदान करता है। यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रमाणित है और इसका कोई गंभीर साइड इफेक्ट नहीं है।उन्होंने कहा कि, माता-पिता को घबराने की आवश्यकता नहीं है। यह टीका बच्चियों के भविष्य को गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में बड़ा कदम है।

कहा कि यह अभियान हमारे समाज में महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा और जागरूकता की दिशा में ऐतिहासिक साबित होगा। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ सुमन कुमार ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में इस अभियान को लेकर व्यापक तैयारी की गई है। बताया कि टीकाकरण टीमों का गठन, टीकाकरण केंद्रों की सूची और संचालन की समय-सारणी शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से बनाई जा रही है।

बताया कि स्कूलों में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें टीका लगने से पूर्व बच्चियों की जांच की जाती है। यह अभियान न केवल एक जन स्वास्थ्य पहल है, बल्कि समाज में किशोरियों के प्रति स्वास्थ्य सुरक्षा और जागरूकता का सशक्त संदेश भी है। उन्होंने समाज के प्रबुद्ध जनों से अपील करते हुए कहा कि इस अभियान का हिस्सा बनें और बच्चियों को सुरक्षित भविष्य प्रदान करें।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *