आश्वासन के बाद गेट जाम समाप्त
प्रहरी संवाददाता/बोकारो थर्मल (बोकारो)। आजसू बेरमो प्रखंड के सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने विस्थापित व बेरोजगारों को रोजगार देने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन कर 2 दिसंबर को डीवीसी बोकारो थर्मल प्लांट गेट को जाम कर प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिससे कंपनी का काम-काज 6 घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा। प्रदर्शन कार्यक्रम का नेतृत्व आजसू पार्टी के केन्द्रिय सचिव राजेश विश्वकर्मा तथा प्रखंड अध्यक्ष मंजूर आलम कर रहे थे।
इस संबंध में आजसू प्रखंड अध्यक्ष मंजूर आलम ने कहा कि डीवीसी प्रबंधन सरकार के बनाए नियमों की अवहेलना कर स्थानीय विस्थापितों और बेरोजगारों को रोजगार से वंचित कर रही है। प्रबंधन स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार नहीं देकर बाहर के मजदूरों से काम ले रही है।

उन्होंने कहा कि बीते दिनों प्लांट का मरम्मत किया गया। इस दौरान 35 दिनों तक प्लांट शट डाउन रहा। प्रबंधन ने बाहरी मजदूरों से काम लिया, लेकिन स्थानीय विस्थापितो को रोजगार नहीं दिया। प्रबंधन की विस्थापित विरोधी नीतियों के खिलाफ आजसू आंदोलन कर रही है।
बाद में प्रबंधन से आगामी 4 दिसंबर को गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी की उपस्थिति में वार्ता का आश्वासन मिलने के बाद कार्यकर्ता मान गए तथा गेट जाम आन्दोलन समाप्ति की घोषणा की गयी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि वार्ता में स्थानीय और विस्थापित बेरोजगारों को रोजगार देने पर सहमति नहीं बनने पर व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा।
मौके पर उपरोक्त के अलावा खगेसर रजक, रंजन महतो, रिजवान अहमद, सागर तुरी, गोविंद यादव, सुरेश महतो, सीताराम महतो, महेश देशमुख, विक्की कुमार, संतोष कुमार, परमेश्वर तुरी, गणेश, महादेव महतो, जितेंद यादव, मनोज कुजूर आदि उपस्थित थे।
![]()












Leave a Reply