नरकेरा का अतिरिक्त सचिव जल शक्ति ने किया दौरा

एस.पी.सक्सेना/बोकारो। जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव अरुण बरोका ने 23 सितंबर को बोकारो जिला (Bokaro district) के हद में चास प्रखंड के नरकेरा पंचायत अंतर्गत नरकेरा ग्राम में स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) (SBM) के तहत किए गए कार्यों का निरीक्षण किया।

उनके साथ स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण झारखंड की निदेशक डॉ.नेहा अरोड़ा, संयुक्त सचिव पेयजल एवं स्वच्छता विभाग इंद्रदेव मंडल, जिला उपायुक्त कुलदीप चौधरी, उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी चास दिलीप प्रताप सिंह शेखावत आदि शामिल थे।

नरकेरा दौरे के क्रम में अतिरिक्त सचिव, जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार बरोका ने नरकेरा गांव को प्लास्टिक मुक्त किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने गांव की मुखिया सोनामुनी मुर्मू व प्राकृतिक दीदी से इस संबंध में जानकारी ली। साथ ही, ग्रामीण दीदीयों द्वारा प्लास्टिक कचरे से निर्मित विभिन्न सजावटी सामानों को देखा। उन्होंने प्लास्टिक के कचरे से बनाए वस्तुओं को देख प्रसन्नता जताई।

गांव की मुखिया, जल सहिया दीदीयों के पहल पर गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए की गई कार्रवाई/ योजना के संबंध में विस्तार से ग्रामीणों से जानकारी ली। दीदीयों ने बताया कि वह कैसे प्रति घर भ्रमण कर प्लास्टिक कचरा को एकत्र करते हैं और लोगों को प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने के लिए जागरूक करते हैं।

प्राकृतिक दीदीयों/ जल सहिया आदि ने ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने व उनसे होने वाले फायदे के संबंध में कैसे जागरूक किया। ग्रामीणों का कैसे उन्हें सहयोग मिला। इस संबंध में विस्तार से अधिकारियों को अपना अनुभव साझा किया।

पदाधिकारियों ने गांव में जगह-जगह बांस की निर्मित डस्टबिन, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय, चापाकल के किनारे शाकपीट आदि का निरीक्षण किया। पदाधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों से विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श किया। उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है उसकी जानकारी ली।

संयुक्त सचिव, जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार ने कहा कि आप ऐसा काम करें कि दूसरे भी आप से प्रेरित हो। ग्राम में किए गए कार्यों पर संतोष जताते हुए उन्होंने इसे आगे भी जारी रखने की बात कही।

मौके पर प्राकृतिक दीदी कर्मी मुर्मू व अन्य ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत अब तक किए गए कार्यों की जानकारी पदाधिकारियों को दी। साथ ही आगे प्रशासनिक सहयोग से किए जाने वाले बातों को भी बताया। दीदीयों ने सेनेटरी नैपकिन इकाई स्थापित करने की बात कहीं।

जिसके लिए जरूरी पहल करने को संबंधित पदाधिकारियों को मिशन निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण झारखंड डॉ नेहा अरोड़ा ने जरूरी निर्देश दिया। मौके पर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता चास संजय प्रसाद, कार्यपालक अभियंता तेनुघाट रामप्रवेश राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी चास मिथिलेश कुमार चौधरी सहित अन्य उपस्थित थे।

 180 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *