विश्व वन्य जीव दिवस पर के. बी. कॉलेज में कार्यक्रम

लुप्त हो रहे वन्य जीवों को आज बचाने की आवश्यकता-प्राचार्य

वन क्षेत्र को नष्ट होने से बचाने के लिए जन जागरूकता जरूरी-विभागाध्यक्ष

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। विश्व वन्य जीव दिवस को लेकर 4 मार्च को बोकारो जिला के हद में जारंगडीह स्थित कृष्ण बल्लभ महाविधालय (के. बी. कॉलेज) में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण तथा संचालन कॉलेज की छात्रा नीतू एवं अनुराधा कुमारी ने संयुक्त रूप से की।

संयुक्त राष्ट्र संघ के आह्वान पर विश्व वन्य जीव दिवस पर के. बी. कॉलेज के जंतु विज्ञान विभाग सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य लक्ष्मी नारायण ने कहा कि लुप्त हो रहे वन्य जीवों को बचाने की आज आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कॉलेज के छात्रों द्वारा वन्य जीवों की रक्षा को लेकर जागरूकता से वे काफी प्रफुल्लित हैं। प्राचार्य ने छात्रों से लुप्त हो चुके वन्य जीवों की जानकारी एकत्रित करने तथा वन्य जीवों के बचाव के लिए छात्रों से बढ़ चढ़कर काम करने पर बल दिया।

इस अवसर पर कॉलेज के जंतु विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष एवं आईक्यूएसी प्रभारी डॉ अरुण कुमार रॉय महतो ने कहा कि कोयलांचल एवं झारखंड के बड़े क्षेत्रों में औद्योगिक विकास के नाम पर जंगलो को बेतरतीब नष्ट किया जा रहा हैं। इससे वन्य जीवों के साथ साथ मानव जीवन पर भी संकट है।

उन्होंने कहा कि वन्य जीवों की रक्षा के लिए वनो की कटाई पर रोक लगाने तथा सघन जन जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। इसमें आज के युवा पीढ़ी छात्रों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि वन सुरक्षित रहेगा तभी वन्य जीव सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज विश्व स्तर पर प्रतिदिन एक वन्य जीव विलुप्त हो रहा है।

कार्यक्रम में कॉलेज की छात्रा रमशा फातिमा, रोशनी दत्ता तथा सुलोचना कुमारी द्वारा वन्य जीवों के संरक्षण को लेकर विचार व्यक्त किया गया, जबकि पुष्पा कुमारी तथा रीना कुमारी द्वारा श्लोगन प्रस्तुत किया गया।

वहीं सुषमा कुमारी, चिंकी सिन्हा, रमशा फातिमा, पुष्पा कुमारी, रोशनी दत्ता, खुशबू कुमारी तथा कोमल कुमारी द्वारा आकर्षक चित्रकारी कर वन्य जीवों की रक्षा का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य, जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष सहित मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी डॉ प्रभाकर कुमार व् दर्जनों छात्र-छात्रा उपस्थित थे।

 63 total views,  2 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *