बाढ़ आपदा पर राज्य स्तरीय मॉक अभ्यास का आयोजन

गरगा डैम के निचले क्षेत्र के अभ्यास में अलग-अलग हितधारक शामिल

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य आपदा प्रबंध प्राधिकरण रांची के अध्यक्ष सह विभागीय सचिव के निर्देश पर 21 दिसंबर को झारखंड के सभी जिलों में बाढ़ आपदा पर राज्य स्तरीय मॉक अभ्यास का आयोजन किया गया। इस क्रम में बोकारो जिला के हद में गरगा डैम के निचले स्तर पर मॉक अभ्यास का आयोजन किया गया।

इसका आयोजन जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा किया गया। जानकारी के अनुसार मॉक अभ्यास का पर्यवेक्षण कार्य चास के अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त सौरव कुमार भुवानिया, अपर समाहर्ता मेनका, सिविल सर्जन डॉ दिनेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी चास मिथिलेश कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार आदि उपस्थित थे।

यहां मॉक अभ्यास का संचालन जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार ने किया। मॉक अभ्यास में बाढ़ आपदा के परिदृश्य को स्थापित किया गया। दिखाया गया कि इस अवसर पर गरगा डैम के समीप स्थित नरकेरा ग्राम में अचानक डैम का जल स्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। बाढ़ के पानी में तीन युवक डूबने लगे और बचाओ बचाओ चिल्ला रहे हैं।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा प्रशिक्षित गोताखोरों की टीम द्वारा सुरक्षा कवच का इस्तेमाल करते हुए सभी का बचाव किया गया। जहां एनडीआरएफ टीम द्वारा सभी को मेडिकल कैंप लाया गया। कैंप में तैनात चिकित्सक ने सभी घायलों का स्वास्थ्य जांच किया। इस दौरान पारा मेडिकल स्टाफ द्वारा फस्ट ऐड की सेवा दी गई।

एक की स्थिति चिंताजनक होने के कारण एंबुलेंस से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, अन्य ग्रामीणों को नागरिक सुरक्षा, नेहरू युवा केंद्र स्वयं सेवकों तथा एनडीआरएफ टीम द्वारा चिन्हित राहत केंद्र महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज बोकारो पहुंचाया गया।

इस अवसर पर पूरी गतिविधि पर सभी वरीय पदाधिकारी नजर बनाएं हुए थे। सभी प्वाइंट्स के लिए पर्यवेक्षण पदाधिकारी नियुक्त किया गया था। इंसीडेंट कमांड पोस्ट से अनुमंडल पदाधिकारी शेखावत, मंचन क्षेत्र से अपर नगर आयुक्त भुवनिया, समेकित जिला नियंत्रण कक्ष से अपर समाहर्ता मेनका, सदर अस्पताल से सिविल सर्जन डॉ दिनेश कुमार, राहत आश्रय से प्रखंड विकास पदाधिकारी मिथिलेश कुमार आदि नजर बनाएं हुए थे। यहां पूरी टीम ने समन्वय के साथ काम किया।

मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी शेखावत ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण रांची के निर्देशानुसार बाढ़ आपदा पर राज्य स्तरीय मॉक अभ्यास का आयोजन किया गया। पूरी टीम की तत्परता के कारण मॉक अभ्यास सफल रहा। इस दौरान आपदा प्रबंधन के सभी आयामों का अनुपालन किया गया।

मॉक अभ्यास में जिला पुलिस, एनडीआरएफ की 09वीं बटालियन, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की जिला इकाई, केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स की जिला इकाई, सिविल डिफेंस, नेहरू युवा केंद्र स्वयं सेवक, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, सीटीपीएस, बीटीपीएस, पेयजल स्वच्छता विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, स्थानीय गोताखोर आदि शामिल हुए।

 71 total views,  2 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *