प्रतिमा तोड़ सकते हो, अंबेडकर के विचारों को नहीं-कॉ दीपंकर भट्टाचार्य
लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने के लिए पढ़ाई जरूरी-कॉ धीरेंद्र झा
महिलाओं की दशा-दिशा पर अंबेडकर का कार्य प्रेरणादायी-कॉ शशि यादव
एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड दीपंकर भट्टाचार्य ने 22 मई को समस्तीपुर शहर के मालगोदाम चौक स्थित नवनिर्मित कॉ रामदेव वर्मा स्मृति भवन एवं बाबा साहेब अंबेडकर पुस्तकालय का लोकार्पण फीता काटकर किया।
उनके साथ पोलित ब्यूरो सदस्य कॉ धीरेंद्र झा, कॉ शशि यादव, मीना तिवारी, राज्य सचिव कुणाल, विधायक गोपाल रविदास, सुदामा प्रसाद, अरुण सिंह, रामबली प्रसाद, अजीत कुशवाहा, उपनेता सत्यदेव राम, जसम के कॉ राजू, सीसी मेंबर कुमार परवेज़, राज्य कमिटी सदस्य बंदना सिंह, जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार आदि मौजूद थे।
मौके पर उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए माले महासचिव ने कहा कि कॉ वर्मा का संपूर्ण जीवन मेहनतकश जनसमुदाय एवं वाम- लोकतांत्रिक ताकतों के लिए प्रेरणा स्रोत रहा है। माले कॉ वर्मा से प्रेरणा लेकर संघर्षों के नये आयामों को अंजाम देगी।
उन्होंने कहा की वे कौन लोग हैं जो अंबेडकर की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर रहे हैं। यह बाबा साहेब की प्रतिमा पर हमला नहीं बल्कि उनके विचारों व संविधान पर हमला है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा तोड़ सकते हो, अंबेडकर के विचारों को नहीं।
अंबेडकर समतामूलक और धर्म निरपेक्ष समाज की बात करते थे। उन्होंने कहा कि अंबेडकर के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए अंबेडकर पुस्तकालय की स्थापना बहुत ही सराहनीय कदम है। इसे समृद्ध करना बहुत जरूरी है।
मौके पर माले पोलित ब्यूरो सदस्य कॉ धीरेंद्र झा ने कहा कि लड़ाई को निर्बाध रूप से अंजाम तक पहुंचाने के लिए पढ़ाई की जरुरत होती है। इसी उद्देश्य से बाबा साहेब अंबेडकर पुस्तकालय का लोकार्पण किया गया है। इसे शोध परक बनाने की दिशा में बढ़ना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपने नायकों के विचारों से अवगत होकर बेहतर समाज बनाने की लक्ष्य की ओर बढ़ सके।
पोलित ब्यूरो सदस्य सह चर्चित महिला नेत्री कॉ शशि यादव ने कहा कि अंबेडकर ने महिलाओं की दशा और दिशा के बारे में बहुत कुछ लिखा है। हमें उनकी रचनाओं से प्रेरणा लेकर महिलाओं की बेहतरी के लिए काम करना चाहिए।
उन्होंने इस पुस्तकालय को और उन्नत बनाने की अपील कार्यकर्ताओं से की। उक्त आशय की जानकारी भाकपा माले जिला स्थाई समिति सदस्य कॉ सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
![]()













Leave a Reply