Advertisement

चलती दुरंतो ट्रेन में बंदूक के दम पर यात्रियों से लूटपाट

प्रहरी संवाददाता/पटना (बिहार)। बिहार में दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन में लूटपाट होने की सूचना है। यहां दिल्ली से कोलकाता वाया पटना जा रही दुरंतो एक्सप्रेस (12274) में हथियारबंद बदमाशों ने चलती ट्रेन में यात्रियों से हजारों रुपये की सामग्री लूट लिया है। लूट की वारदात के बाद बदमाश ट्रेन का चेन पुलिंग कर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर आरपीएसएफ की टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना रात करीब 2 बजे के आसपास की बतायी जा रही है।

बताया जाता है कि दिल्ली से चलने वाली दुरंतो एक्सप्रेस (12274) दानापुर के कुशेश्वर और मझौली हॉल्ट के बीच थी, तभी हथियारबंद अपराधियों ने लूटपाट करना शुरू कर दिया। इस लूटपाट की घटना में किसी यात्री के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।

दानापुर आरपीएफ के वरीय समादेष्टा प्रकाश कुमार पांडा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे ट्रेन जब जसीडीह पहुंची तो लूट के शिकार चार यात्रियों ने जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि जीआरपी ने आईपीसी की धारा 379 के तहत मामला दर्ज किया है।

सूत्रों के मुताबिक, ट्रेन के पटना जंक्शन से निकलते ही यात्रियों के वेश में कई बदमाश ट्रेन में सवार हो गए। जैसे ही ट्रेन कुशेश्वर और मझौली हॉल्ट के बीच पहुंची बदमाशों ने ट्रेन के एक-दो डिब्बों में यात्रियों को लूटना शुरू कर दिया। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद हथियारबंद बदमाशों ने ट्रेन की चेन खींची और कीमती सामान लेकर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।

आरपीएफ समादेष्टा पांडा ने बताया कि अपराधियों की पहचान और मामले की जांच के लिए आरपीएफ की स्पेशल टीम बनाई गई है। जसीडीह और दानापुर डिवीजन की आरपीएफ की टीम इस मामले में संयुक्त रूप से जांच में जुटी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *