Advertisement

दो दिनों भीतर पलायन को विवश मजदूर की मौत की दूसरी घटना

प्रहरी संवाददाता/विष्णुगढ़ (हजारीबाग)। दो दिनों भीतर पलायन को विवश विष्णुगढ़ के मजदूर की मौत की सूचना है। दूसरी घटना विष्णुगढ़ प्रखंड के हद में बनासो पंचायत हरिजन मुहल्ला की बतायी जा रही है। उक्त हृदय विदारक घटना मध्य प्रदेश में घटी।

बताया जाता है कि, 24 वर्षीय उमेश पासवान पिता डेगलाल पासवान का निधन आकस्मिक कारण से मुंबई से अपने पैतृक गाँव आने के क्रम में मध्य प्रदेश के इटारसी जिला नर्मदा पुरम में हो गया। अभी तक परिजनों को पता नहीं कि उमेश की मृत्यु कैसे हुई। मृतक के दो बच्चे हैं।

जानकारी के अनुसार मृतक उमेश अपने पीछे दो मासूम आर्यन पासवान (2 वर्ष) तथा आयुष पासवान (6 माह) एवं पत्नी सुमन देवी (उम्र लगभग 20 वर्ष) को छोड़ गया है।

ज्ञात हो कि, स्थानीय स्तर पर रोजगार नहीं मिलने के कारण विष्णुगढ़ प्रखंड के युवा पलायन को मजबूर हैं। प्रखंड क्षेत्र के युवाओ की पलायन के दौरान आकस्मिक मृत्यु, दुर्घटना में हमेशा के लिए पैर गवाना आम सी बात हो गई है। इस तरह की घटना 20 दिनों के भीतर तीसरी घटना है।

पंचायत के युवा की मृत्यु से पूरा गाँव मर्माहत है। ऐसे मे उम्मीद की किरण बनकर पंचायत समिति सदस्य अनिता देवी ने मृतक परिवार को ढाढस बंधाते हुए श्राद्ध कर्म के लिए यथा संभव श्राद्ध कर्म में प्रयुक्त आटे की पूर्ण जिम्मेवारी ली और रहिवासियों से मृतक के परिवार को मदद करने की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *