बनने के बाद भी बंद है शौचालय, चाभी का पता नहीं
विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। गोमिया प्रखंड के हद में महुआटांड में बनने के बाद भी अबतक बंद है सार्वजनिक शौचालय। रहिवासियों के अनुसार उक्त शौचालय शोभा की वस्तु बनकर रह गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोमियां प्रखंड के हद में महुआटांड़ मुख्य बाजार में लगभग एक वर्ष पूर्व बाजारवासियों की शहूलियत के लिए सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया था। बावजूद इसके आज भी उक्त सार्वजनिक शौचालय में ताला लटका पड़ा है।
इस संबंध में पूर्व प्रमुख सह झारखंड मुक्ति मोर्चा उपाध्यक्ष गिरधारी महतो ने 8 अक्टूबर को एक भेंट में कहा कि रहिवासी आस लगाए बैठे हैं कि इस शौचालय का ताला कब खुलेगा और लोग इसका उपयोग कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि हाट बाजार के समय में महिलाओं को अच्छी खासी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
बगल में एक सरकारी स्कूल है वहां पर भी शौचालय की दिक्कत है। अगर यह शौचालय खुला रहता तो इसका सदुपयोग किया जा सकता था। उपयोग नही होने से शौचालय अभी से ही जर्जर होने लगा है।
स्थानीय पंचायत समिति सदस्य मदन महतो ने कहा कि वर्तमान विधायक एवं पूर्व विधायक दोनों को धन्यवाद देते हैं कि इस क्षेत्र में एक शौचालय का निर्माण हुआ, लेकिन इसका उपयोग रहिवासी नहीं कर पा रहे हैं। इसमें ताला लटका पड़ा है, जो चिंता का विषय है।
स्थानीय मुखिया फूलचंद केवट ने कहा कि पूर्व एवं वर्तमान पंचायत सचिव से इस संबंध में बात की लेकिन उन्हें पता नहीं की शौचालय के ताले की चाबी किसके पास है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि उक्त शौचालय को बनाने का औचित्य क्या था।
![]()












Leave a Reply