Advertisement

बकरी चराने के दौरान बज्रपात से महिला की मौत

विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। बोकारो जिला (Bokaro district) के हद में गोमियां पंचायत के मोदी टोला में बकरी चराने के दौरान बज्रपात से एक महिला की मौत हो गयी। इस घटना पर स्थानीय समाजसेवियों ने शोक व्यक्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोमियां पंचायत के मोदी टोला (Modi tola) में 24 अगस्त की संध्या लगभग 4:30 बजे 55 वर्षीय महिला कौशल्या देवी अपने खेत में बकरी चरा रही थी। इस दौरान अचानक जोरदार बिजली कड़की और उसकी चपेट में आने से घटनास्थल पर ही उक्त महिला बेहोश हो गई।

परिजनों द्वारा आनन-फानन में उसे गोमियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सा प्रभारी डॉ हेलन बारला ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने इसकी सूचना गोमियां थाना को दी। सूचना पाकर गोमियां थाना प्रभारी आशीष खाखा, पुलिस अवर निरीक्षक धारमल मांझी, पुनित उरांव, मनोज यादव दल बल के साथ चिकित्सा केंद्र पहुंचे।

इस संबंध में मृतका कौशल्या देवी के पति लालदेव यादव ने बताया कि वह कुछ ही दूरी पर खेत में बैल चरा रहे थे और उनकी पत्नी बकरी को चरा रही थी। अचानक जोरदार बिजली कड़की और वह बेहोश हो गई।

यादव ने बताया कि आसपास खेतो में काम कर रहे रहिवासियों की मदद से उसे हॉस्पिटल लेकर आया। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

वहीं घटना के संबंध में गोमियां थाना के पीएसआई (PSI) पुनीत उरांव ने कहा कि संध्या लगभग 4:30 बजे महिला अपने खेत पर बकरी चरा रही थी।

उसी दौरान बिजली कड़की और बेहोश हो गई। चिकित्सा केंद्र में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। आगे कागजी कार्रवाई करते हुए अन्त्य परीक्षण के लिए तेनुघाट अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है।

मौके पर आजसू मंडल अध्यक्ष राजकुमार यादव, भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रोहित यादव, समाजसेवी धीरेंद्र यादव, विधायक प्रतिनिधि बिपीन कुमार नायक सहित दर्जनों रहिवासी गोमियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद थे। इस घटना पर सभी ने एक स्वर में शोक व्यक्त किया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *