Advertisement

उपायुक्त ने बाबा मंदिर का निरीक्षण कर विधि व्यवस्था का लिया जायजा

देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का किया ऑनलाइन दर्शन

एस.पी.सक्सेना/देवघर (झारखंड)। श्रावणी मेला के चौथी और आखरी सोमवारी के अवसर पर 16 अगस्त को देवघर जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री द्वारा तड़के बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुँचकर सुरक्षा व्यवस्था व विधि-व्यवस्था का जायजा लिया गया।

इस दौरान उपायुक्त ने बाबा मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई व कचड़ा उठाव को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।

निरिक्षण के क्रम में उपायुक्त भजंत्री ने मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में तैनात दंडाधिकारियों व सुरक्षा बलों के जवानों से बातचीत करते हुए उनके बेहतर कार्यशैली की सराहना की।

साथ हीं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ नम्रतापूर्वक अपना व्यवहार रखने की बात कही, ताकि जानकारी के आभाव में बाहर से आ गए श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जा सके।

बाबा मंदिर के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त द्वारा प्रतिनियुक्त अधिकारियों व पुलिस बल के जवानों को कहा कि श्रावणी मेला के आयोजन को स्थगित करने के बाद आप सभी की जिम्मेवारी व जवाबदेही और भी ज्यादा बढ़ गयी है।

बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को मेला आयोजन न होने व मंदिर बंद होने की स्थिति से अवगत कराते हुए ससम्मान उन्हें उनके गंतव्य स्थान की ओर रवाना करें। उन्होंने 17 अगस्त को सक्रांति को लेकर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों को पूरी सतर्कता और सावधानी के साथ अपने-अपने प्रतिनियुक्त स्थलों पर एक्टिव रहने का निर्देश दिया।

इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उपायुक्त भजंत्री द्वारा जानकारी दी गई कि महामारी को लेकर इसबार राजकीय श्रावणी मेला के स्थगित होने के पश्चात श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को देखते हुए सुबह होने वाली बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना को प्रातः 4ः45 से 5ः30 बजे तक लाईव दिखाया जा रहा है।

साथ हीं संध्या होने वाली श्रृंगार पूजा को 7ः30 से 8ः15 बजे तक प्रसारित किया जा रहा है। वही अब तक लाखों श्रद्धालुओं ने विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ का दर्शन किया है।

उन्होंने मीडिया के माध्यम से मंदिर के आसपास के क्षेत्रों को थर्मोकोल और प्लास्टिक मुक्त बनाने का आग्रह सभी से किया, ताकि सही मायने में बाबा मंदिर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *