एस.पी.सक्सेना/देवघर (झारखंड)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से संबंधित निर्वाचन से जुड़े कार्यों को लेकर 13 अगस्त को देवघर जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री (Deoghar district deputy commissioner Manjunath bhajantri) की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया।
इस दौरान उपायुक्त द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत के पदों एवं स्थानों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के लिए स्थानों के आरक्षण एवं आवंटन, निर्वाचन क्षेत्रों का गठन एवं संख्याओं का
(प्रपत्र 1), निर्वाचन क्षेत्रों के स्थानों एवं पदों का आरक्षण प्रक्रिया (अनुसूचित क्षेत्रों के लिए)
प्रपत्र 2 एवं निर्वाचन क्षेत्रवार, कोटिवार आरक्षित,अनारक्षितपद-
प्रपत्र 3 से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने जिले के सभी 10 प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी को निदेशित किया कि किसी भी मतदाता का नाम उनके पंचायत/वार्ड के मतदाता सूची पर हो।
अन्य पंचायतों में ना हो। सबसे महत्वपूर्ण किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से बिना कारण न हटाया जाय। इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखा जाय।
बैठक के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री द्वारा पंचायत चुनाव से जुड़े विभिन्न किये जाने वाले कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों को निदेशित किया कि निर्वाचन से जुड़े कार्यों को तय समय के अनुरूप पूर्ण कर लें, ताकि आने वाले समय में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने कहा कि मतदान केन्द्रों से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त कार्यालय को अवगत करायें। उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गयी कि ग्राम पंचायत के सदस्य पद, पंचायत समिति के सदस्य पद, जिला परिषद के सदस्य पद, ग्राम पंचायत के मुखिया पद एवं पंचायत समिति के प्रमुख पद के लिए जिला दंडाधिकारी के स्तर से तथा जिला परिषद के अध्यक्ष हेतु राज्य निर्वाचन आयोग के स्तर से किया जाना है।
इसके अतिरिक्त समीक्षा बैठक के दौरान त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव हेतु मतदान केंद्रों का सत्यापन, त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव 2015 के व्यय लेखा कार्यों का संपादन आदि से संबंधित समीक्षा के उपरांत उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
वीडियो काॅन्फ्रेसिंग के दौरान उपायुक्त भजंत्री द्वारा जानकारी दी गयी कि मतदाता सूची का डेटाबेस आयोग से प्राप्त होने के पश्चात चुनाव कार्य हेतु मत पेटिका का आकलन किया जाएगा।
ऐसे में उक्त डाटाबेस के आधार पर निर्वाचन के निमित्त मतदाता सूची को वार्डवार विखंडित कर पारदर्शी तरीके से मतदाता सूची तैयार करने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।
बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव के सफल संचालन हेतु जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी एवं जिला पंचायती राज पदाधिकारी को निदेशित किया कि 14 अगस्त को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कर पंचायत चुनाव से सबंधित कर्मियों/कम्प्यूटर ऑपरेटरों आदि को प्रशिक्षण देना सुनिश्चित किया जाय, ताकि डेटाबेस को किस तरह से अपलोड किया जाना है।
पंचायत चुनाव से संबंधित सॉफ्टवेयर को किस तरह से इंस्टॉल किया जाना है आदि जानकारियों से अवगत कराया जा सके। साथ हीं पंचायत चुनाव को बाधा रहित सम्पन्न कराया जा सके।
उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी देवघर एव मधुपुर तथा सभी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी को निदेशित किया कि पंचायत चुनाव से संबंधित सारे कार्यो का पर्यवेक्षण अपने-अपने स्तर से लगातार करते रहे, ताकि कहीं किसी प्रकार की त्रूटि न रहे।
उपायुक्त ने पंचायत चुनाव को लेकर जल्द-से-जल्द बज्रगृह एव मतगणना केंद्र के चयन करने का निदेश संबंधित अधिकारियों को दिया, ताकि राज्य निर्वाचन आयोग को इससे जुड़ी जानकारी उपलब्ध करायी जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि दिव्यांग मतदातओं की सूची तैयार करने एवं राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्राप्त दिशा-निर्देश के आलोक में मतदान केंद्रों पर आवश्यक सारी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी करने की आवश्यकता है।जिससे दिव्यांग मतदाता सुगमतापूर्वक अपने मत का उपयोग कर सकें।
इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी देवघर व मधुपुर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ-साथ संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()












Leave a Reply