Advertisement

नेहरूनगर पुलिस के हत्थे चढ़ा खेलो इंडिया खेलो का संचालक

मुश्ताक खान/ मुंबई। अवैध रूप से चल रहे खेलो इंडिया खेलो लॉटरी (Khelo India Khelo lottery) के संचालक छगन टिकमचंद गजोरिया को नेहरूनगर पुलिस (Nehru nagar police) ने गिरफ्तार किया है। 34 वर्ष के गजोरिया के पास से पुलिस ने नगद राशि के अलावा एक कंप्यूटर और प्रिंटर भी जब्त किया है।

पुलिस ने आरोपी को आईपीसी की विभिन्न धाराओं के अलावा लॉटरी रेगुलेशन एक्ट भी लगाया है। गिरफ्तारी के बाद गजोरिया को कुर्ला की अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उसे जेल कस्टडी में भेज दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छगन टिकमचंद गजोरिया लंबे समय से अवैध रूप से खेलो इंडिया खेलो लॉटरी का संचालन एसजी बर्वे मार्ग पर स्थित लक्की गैरेज के बाजू में कर रहा था। इसकी गुप्त सूचना एसीपी प्रमोद साईल व नेहरू नगर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी चंद्रशेखर दत्तात्रेय भावल को भी मिल रही थी।

इसके अलावा यह भी सूचना मिली थी की लॉक डाउन में बंदी के दौरान भी गजोरिया छिप-छिपाकर खेलो इंडिया खेलो का संचालन करता था। इस बीच पुलिस दल ने उसे रंगे हाथों पकड़ने की कोशिश की। लेकिन वह बचता रहा।

इस मामले में एसीपी प्रमोद साईल के आदेश पर वरिष्ठ अधिकारी भावल के मार्गदर्शन में पीएसआई एम डी बांगरे, कुंभारे और एएसआई गवली ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर भारी बारिश के दौरान खेलो इंडिया खेलो के संचालक छगन टिकमचंद गजोरिया (34 ) को धर दबोचा।

गजोरिया पर आईपीसी की धारा 420 , 294 (ए) व लॉटरी एक्ट 4 (1 ), 7 (3 ), 4 (ए) 5 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने 12 जून को गजोरिया को कुर्ला की अदालत में पेश किया, अदालत ने उसे जेल कस्टडी में भेज दिया। इस मामले की जांच पीएसआई बंगरे कर रहे हैं। पुलिस को शक है कि घनी आबादी वाले ठक्कर बप्पा कॉलोनी की झोपड़पट्टियों में कोई और लॉटरी संचालक तो नहीं।

Loading