Advertisement

इलाज के अभाव में जीने की आस छोड़ चुका है पवन

विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। गोमियां प्रखंड (Gomian block) के हद में साड़म रहिवासी बिमार पवन प्रजापति इलाज के अभाव में जीने की आस छोड चुका है। रहिवासियों ने उसके इलाज के लिए राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुहार लगायी है।
जानकारी के अनुसार साड़म रहिवासी जगदीश प्रजापति का 21 वर्षीय पुत्र पवन प्रजापति पिछले 2 वर्षों से किडनी रोग से ग्रसित है। इलाज के अभाव में दिनों दिन उसकी स्थिति खराब होती जा रही है । इस कारण अब वह जीने की आस छोड़ चुका है। उसके कुछ दोस्त झारखंड के मुखिया हेमंत सोरेन एवं स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को ट्विटर अकाउंट के माध्यम से समुचित इलाज कराने की गुहार लगाई। ट्वीट को पढ़कर स्वास्थ्य मंत्री ने बोकारो उपायुक्त को इस मामले में पीड़ित को सरकारी स्तर पर मदद देने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद भी इलाज के लिए सरकारी स्तर पर किसी तरह का पहल अभी तक नहीं हो पाया है।
इधर लचर सरकारी रवैये को देखकर पवन के दोस्तों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अकाउंट नंबर डालकर लोगों से मदद की गुहार लगाई है। हफ्ते दिन के अंदर उन अकाउंट नंबरों में 26 हजार जमा हो गए, जो उसके दोस्त सौरभ तिवारी, ओम वर्धन, कैलाश रजक, किशन कुमार ने उन पैसों को इलाज के लिए पवन के पिता के हाथों में सौंप दिया।
किडनी रोग से ग्रसित पवन ने 12 जून को अपने दोस्तों से दर्द बयान करते हुए कहा कि कोशिश करना छोड़ दो दोस्तों। अब मेरे जीने की उम्मीद खत्म हो चुकी है। शायद अब मैं कभी ठीक नहीं हो पाऊंगा। शायद कभी अपने माता-पिता का बोझ अपने कंधों पर नहीं उठा पाऊंगा। वही इस संबंध में एकबार फिर पवन के दोस्तों ने राज्य के मुखिया से सरकारी स्तर पर इलाज कराने की मांग की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *