प्रहरी संवाददाता/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में फुसरो स्थित अनपति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर विद्यालय में 29 अप्रैल को कक्षा अष्टम, नवम एवं दशम के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष अभिभावक गोष्ठी आयोजित की गई।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार सिंह, वरिष्ठ आचार्य नवल कुमार सिंह, सुरेश साव, किशोर कुमार एवं उपस्थित अभिभावकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और पुष्पार्चन के साथ किया गया। इसके उपरांत द्वीप मंत्र के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गयी।
गोष्ठी में शामिल अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल विद्यालय की चारदीवारी तक सीमित नहीं है। यह एक त्रिकोणीय प्रयास है जिसमें विद्यालय, शिक्षक और अभिभावक तीनों की समान भागीदारी अनिवार्य है। कहा कि आज की गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य आप सभी के साथ मिलकर भैया-बहनों के सर्वांगीण विकास और शैक्षणिक उन्नति के लिए एक ठोस कार्य योजना बनाना है। आप सभी अभिभावकों से आग्रह है कि आप बच्चों की दैनिक दिनचर्या और उनकी पढ़ाई के प्रति घर पर भी निरंतर सजग रहें।
आपका निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन ही बच्चों को अनुशासित और संस्कारित नागरिक बनाने में सहायक होगा।
गोष्ठी में बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, विद्यालय के अनुशासन और आगामी परीक्षाओं की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से संवाद करते हुए शिक्षा के प्रति आधुनिक दृष्टिकोण और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला।
गोष्ठी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकगण उपस्थित रहे। मौके पर अभिभावकों ने विद्यालय के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गोष्ठियों से उन्हें अपने बच्चों की प्रगति को समझने और सुधारने में बहुत सहायता मिलती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी आचार्य दीदी और कर्मचारियों बंधु, भगिनी का संपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ किया गया।
![]()













Leave a Reply