Advertisement

बेरमो में आंधी, बारिश व् ओलावृष्टि का कहर, कई जगह गिरे पेड़, आवागमन प्रभावित

फुसरो में दुर्गा ऑयल मिल के पास गिरा पेड़, जवाहरनगर दुर्गा मंडप का छज्जा धराशायी

एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल क्षेत्र में 29 अप्रैल को आयी तेज आंधी, बारिश तथा ओलावृष्टि ने जमकर कहर बरपाया। कहीं पेड़ गिरे तो कहीं बिजली के पोल जमीन सूंघने लगा। कहीं घरों के छज्जे उड़े तो कहीं मंडप का छज्जा धराशायी हो गया। इसके अलावा बारिश के बीच हुई ओलावृष्टि ने तो रहिवासियों में सिंहरन पैदा कर दी है।

जानकारी के अनुसार जिला के हद में फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में 29 अप्रैल को आई तेज आंधी बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। बदले मौसम के साथ चली तेज हवाओं के कारण फुसरो मुख्य बाजार, करगली गेट सहित कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए। पेड़ों के गिरने से कई जगहों पर आवागमन बाधित हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय रहिवासियों के अनुसार आंधी इतनी तेज थी कि कई पुराने और कमजोर पेड़ इसे सहन नहीं कर सके और धराशायी हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर परिषद की टीम और स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है, ताकि यातायात सामान्य किया जा सके।

बताया जाता है कि नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक छह अमलो में आंधी का कहर देखने को मिला, जहां बिजली का पोल तार सहित जमीन सूंघने लगा है। यहां कई घरों के सीट या तो आंधी में उड़ गए अथवा औलावृष्टि के कारण चूर-चूर हो गये। और तो और जवाहरनगर दुर्गा पूजा मंडप का छज्जा तेज आंधी के कारण धराशायी हो गया। हालांकि जान माल की क्षति की सूचना नहीं है। नगर प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहें और अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *