Advertisement

आगामी 17 मार्च को नगर निगम में शपथ ग्रहण व उपमहापौर का अप्रत्यक्ष निर्वाचन

प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा महापौर व वार्ड पार्षदों को दिलाई जाएगी शपथ-प्रांजल ढांडा

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड में संपन्न नगरपालिका (आम) निर्वाचन के तहत बोकारो जिला के हद में चास नगर निगम के नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह एवं उपम हापौर पद का अप्रत्यक्ष निर्वाचन आगामी 17 मार्च को आयोजित किया जाएगा।

इस संबंध में चास नगर निगम की निर्वाची पदाधिकारी (आरओ) सह अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) प्रांजल ढांडा ने 9 मार्च को समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में शपथ ग्रहण एवं निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आगामी 17 मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे से चास नगर निगम सभागार में बैठक आयोजित की जाएगी।

बैठक के दौरान सर्वप्रथम नव निर्वाचित महापौर को शपथ दिलाई जाएगी। इसके पश्चात सभी वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण कराया जाएगा। कहा कि चास नगर निगम में शपथ ग्रहण प्रमंडलीय आयुक्त, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल हजारीबाग द्वारा कराया जाएगा। कहा कि शपथ ग्रहण का समय पूर्वाह्न 11:15 बजे निर्धारित किया गया है।

निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ चास ढांडा ने प्रेस वार्ता में बताया कि शपथ ग्रहण कार्यक्रम के उपरांत चास नगर निगम में उपमहापौर पद के लिए अप्रत्यक्ष निर्वाचन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वार्ड पार्षदों द्वारा उपमहापौर पद के लिए मतदान किया जाएगा। मतदान के दौरान पार्षदों को बैलेट पत्र पर प्रत्याशी के नाम के सामने क्रास का चिन्ह लगाना होगा। कहा कि मतदान से पूर्व वार्ड पार्षदों को वैध एवं अवैध मतों के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि उपमहापौर पद के निर्वाचन की प्रक्रिया के तहत नाम निर्देशन पत्र दाखिल पूर्वाह्न 11:30 बजे से 11:45 बजे तक, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 11:45 से 12 बजे तक, वैद्य अभ्यर्थियों की सूची तैयार 12 बजे से 12:15 बजे तक, अभ्यर्थिता से नाम वापसी 12:15 से 12:30 बजे तक, मतपत्र की तैयारी 12:30 से 12:45 बजे तक, मतदान 12:45 से 1:15 बजे तक, मतगणना दोपहर 1:15 से 1:45 बजे तक तथा परिणाम की घोषणा एवं निर्वाचन प्रमाण पत्र वितरण दोपहर 1:45 बजे से 2 बजे तक निर्धारित है।

बताया गया कि निर्वाचन परिणाम घोषित होने के पश्चात उपमहापौर का शपथ ग्रहण अपराह्न 2:10 बजे कराया जाएगा। वहीं, चास नगर निगम में नव निर्वाचित उपमहापौर को महापौर द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार एवं सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, जनसंपर्क कार्यालय के अधीक्षक राकेश कुमार, कार्यालय कर्मी आशुतोष कुमार, मो. सलाम आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *