रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्राकृतिक रक्षण की राष्ट्रीय महिला विंग अध्यक्ष अन्नू कुमारी ने संस्था के संस्थापक बबलू कुमार महतो को पत्र भेजकर महिला सशक्तिकरण से जुड़े विशेष प्रोजेक्ट को जल्द शुरू करने की मांग की है।
महिला विंग अध्यक्ष अन्नू ने अपने संदेश में कहा है कि आज भी कई ग्रामीण क्षेत्रों में बेटियों को घर से बाहर निकलने, अपनी प्रतिभा दिखाने और समाज में आगे बढ़ने का पूरा अवसर नहीं मिल पाता। सामाजिक सोच और जागरूकता की कमी के कारण कई बेटियां क्षमता होने के बावजूद पीछे रह जाती हैं। उन्होंने कहा कि यदि बेटियों को सही मार्गदर्शन, शिक्षा और अवसर मिले तो वे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। इसी सोच के साथ प्राकृतिक रक्षण की टीम महिला सशक्तिकरण प्रोजेक्ट के तहत गांव-गांव जाकर बेटियों और महिलाओं को जागरूक करने, उन्हें नेतृत्व के लिए तैयार करने तथा सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की योजना बना रही है।
प्रेषित संदेश में उन्होंने कहा है कि इस प्रोजेक्ट के माध्यम से महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, शिक्षा जागरूकता और सामाजिक नेतृत्व जैसे कार्यों से जोड़ा जाएगा, ताकि वे समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत शक्ति बन सकें। महिला विंग अध्यक्ष अन्नू ने समाज की सभी महिलाओं और युवाओं से अपील की कि वे इस पहल से जुड़ें और प्राकृतिक रक्षण के महिला सशक्तिकरण अभियान को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें, ताकि समाज में बेटियों को आगे बढ़ने का समान अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी एक जागरूक, समान और मजबूत समाज का निर्माण संभव होगा।
![]()













Leave a Reply