Advertisement

पूर्व मध्य रेलवे में महिला डिब्बा में यात्रा करनेवाले 3567 पुरुष यात्रियों की गिरफ़्तारी

जनवरी माह में ऑपरेशन समय पालन के तहत चेन पुलिंग में 1030 की गिरफ्तारी

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय हाजीपुर के हद में रेल गाड़ियों में महिला डिब्बा में यात्रा करना पुरुष यात्रियों को भारी पड़ रहा है। ऐसे 3567 पुरुष यात्रियों की ऑपरेशन महिला सुरक्षा के तहत महिला कोच में यात्रा करने के दौरान गिरफ़्तारी की गयी है।

इसके अतिरिक्त विगत जनवरी माह में ही ऑपरेशन समय पालन के तहत चेन पुलिंग में 1030 आरोपी गिरफ्तार किए गए। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने 10 फरवरी को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि बिना पर्याप्त कारण अवैध रूप से चेन पुलिंग कर रेल गाड़ियों को जहां-तहां रोकने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाती रही है ।

इसी क्रम में पूर्व मध्य रेलवे के सुरक्षा बलों द्वारा विभिन्न रेल मंडलो में ऑपरेशन समय पालन के तहत् ऐसे लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि ट्रेनें अनावश्यक रूप से विलंब न हो। कहा कि ऑपरेशन समय पालन के तहत एक से 31 जनवरी तक रेलवे सुरक्षा बल की टीम द्वारा विभिन्न रेलखंडों में बिना उचित कारण के चेन पुलिंग करने के आरोप में 1030 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। आरोपियों के विरूद्ध रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई।

ऑपरेशन समय पालन के तहत् इस दौरान सर्वाधिक 496 आरोपी दानापुर रेल मंडल में पकड़े गये, जबकि समस्तीपुर रेल मंडल में 200, पं. दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल में 108, सोनपुर रेल मंडल में 130 तथा धनबाद रेल मंडल में 96 आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

बताया कि इसी तरह महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर ऑपरेशन महिला सुरक्षा के तहत महिला कोच में अनधिकृत रूप से यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ भी धर-पकड़ अभियान चलाया गया। ऑपरेशन महिला सुरक्षा के तहत एक से 31 जनवरी तक रेलवे सुरक्षा बल की टीम द्वारा पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न रेलखंडों पर महिला कोच में यात्रा करने के आरोप में रेल अधिनियम की धारा 162 के तहत 3567 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया। इनमें सर्वाधिक 1797 दानापुर रेल मंडल में पकड़े गये जबकि पं. दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल में 656, समस्तीपुर रेल मंडल में 488, सोनपुर रेल मंडल में 396 तथा धनबाद रेल मंडल में 230 पुरुष यात्रियों कोे हिरासत में लिया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *