Advertisement

सभी कोषांगों से समन्वय कर कम्यूनिकेशन प्लान करें तैयार-उपायुक्त

आगामी 13 फरवरी से होगा दूसरे चरण का प्रशिक्षण, प्रशिक्षण कोषांग करें तैयारी

निकाय चुनाव को ले सभी कोषांगों के कार्य प्रगति का डीईओ सह डीसी ने की समीक्षा

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला में चास नगर निगम तथा फुसरो नगर परिषद (निकाय) चुनाव को लेकर 9 फरवरी को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में डीईओ सह डीसी अजय नाथ झा ने क्रमवार कोषांग के वरीय – नोडल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

ज्ञात हो कि, नगर पालिका (आम) निर्वाचन को लेकर बोकारो जिले में निर्वाचन तैयारियां चरम पर है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान डीईओ सह डीसी ने सभी कोषांगों को निर्वाचन से संबंधित दायित्वों का सही, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित (जीरो एरर) निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डीईओ सह डीसी ने कहा कि सभी कोषांग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समग्र कम्यूनिकेशन प्लान तैयार करें। मतपेटियों की आपात मरम्मति हेतु चास नगर निगम क्षेत्र के लिए 4 टीम, फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के लिए 2 टीम गठित करने का उन्होंने निर्देश दिया। प्रशिक्षण कोषांग को द्वितीय चरण के प्रशिक्षण की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया, जो आगामी 13 फरवरी से प्रारंभ होगा। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ ए बी प्रसाद को सामाग्री कोषांग को 10 फरवरी तक मेडिकल किट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही पर्ची पर उसकी उपयोगिता स्पष्ट रूप से अंकित करने को कहा।

बैठक में निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग, सामग्री कोषांग, परिवहन कोषांग, विधि-व्यवस्था सह आचार संहिता कोषांग, हेल्पलाइन एवं जन शिकायत कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मीडिया कोषांग, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण कोषांग, सूचना प्रौद्योगिकी कोषांग एवं नियंत्रण कक्ष कोषांग की क्रमवार कार्य प्रगति की समीक्षा की गई।

डीईओ सह डीसी ने सभी पदाधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सह डीपीआरओ मो. सफीक आलम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, स्थापना उप समाहर्ता प्रेमचंद सिन्हा, डीआईओ धनंजय कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा, डीटीओ मारूति मिंज, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, प्रेक्षक कोषांग से रवि कुमार, शक्ति कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, निर्वाचन कोषांग से पंकज दूबे सहित विभिन्न कोषांगों के वरीय, नोडल एवं सहयोगी पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *