रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। महिला एवं किशोरी हिंसा के उन्मूलन तथा सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के उद्देश्य से 8 फरवरी को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड की चार पंचायतों में सहयोगिनी संस्था द्वारा सघन जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बाल विवाह, मानव तस्करी, महिला हिंसा, घरेलू हिंसा, डायन प्रथा और दहेज प्रथा जैसी गंभीर समस्याओं पर प्रहार किया और ग्रामीणों को जागरूक किया।

इस अवसर पर जिला के हद मेंखैराचातर, बगदा, टांगटोना, दुर्गापुर के विभिन्न क्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहयोगिनी के निदेशक गौतम सागर ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों के प्रति सचेत करना है। उन्होंने बताया कि हम इन पंचायतों के 19 गांवों में महिलाओं और किशोरियों के समूह बनाकर उन्हें संगठित कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य न केवल उनके विरुद्ध होने वाली हिंसा को समाप्त करना है, बल्कि उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर स्वावलंबी बनाना भी है।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न हितधारकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मौके पर सहयोगिनी के कार्यक्रम समन्वयक प्रकाश कुमार महतो समेत विनीता देवी, पुष्पा देवी, रेखा देवी, संगीता देवी, पायल कुमारी, अशोक कुमार महतो, मंटू करमाली, धीरेंद्र महतो, कुमार गौरव आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply