Advertisement

लालगंज के राउडी पोखर में ग्रामीण जीवन और साहित्य विषयक गोष्ठी

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण जिला के निकटवर्ती वैशाली जिला के हद में लालगंज प्रखंड के राउडी पोखर गांव में 8 फरवरी को ग्रामीण जीवन और साहित्य विषय पर काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता साहित्यकार कपिल देव सिंह तथा संचालन वरिष्ठ पत्रकार और कई पुस्तकों के लेखक सुरेंद्र मानपुरी ने किया।

पूर्व सरपंच राम प्रवेश सिंह के आवासीय परिसर में आयोजित गोष्ठी में बज्जिका भाषा के कवि मणिभूषण प्रसाद सिंह अकेला ने ने सलीके से काव्य पाठ किया। उनकी रचनाओं में बज्जिका बोली की मिठास का रसास्वादन श्रोताओं ने किया।
वहीं पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं लेखक महेंद्र प्रताप ने युवा पीढ़ी में साहित्य के प्रति रुचि जागृत करने पर बल दिया। उन्होंने कई तथ्यपूर्ण व्याख्यान दिए और इस बात पर जोर दिया कि ऐसे छोटे-छोटे आयोजनों से समाज को बड़े सकारात्मक संदेश दिए जा सकते हैं। सोनपुर के शाहपुर रहिवासी मानस मर्मज्ञ तृप्ति नाथ सिंह ने भिखारी ठाकुर, महेंद्र मिश्र से संबंधित कई प्रसंग सुनाएं और गोस्वामी तुलसीदास के जीवन से संबंधित एक लंबी कविता का पाठ कर गोष्ठी को चमत्कृत कर दिया। उन्होंने पूर्वी भी सुनाई।

इस अवसर पर लेखक सुनील शर्मा, कवि मणि भूषण प्रसाद सिंह अकेला, कई पुस्तकों के लेखक एवं संपादक जितेंद्र कुमार सिंह, युवा कवि अपूर्व कुमार की हिंदी कविता काफी प्रभावशाली रही। शिक्षाविद अविनाश कुमार सिंह ने भावनाएं मर रही हैं, उसे बचाने के लिए उपाय ढूंढने पर बल दिया। पत्रकार एवं लेखक अवध किशोर शर्मा ने अपनी प्रकाशित पुस्तक के एक आलेख पर अति संक्षिप्त प्रकाश डाला। साहित्यकार सारंगधर प्रसाद सिंह आदि ने गोष्ठी के विषय पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए।

शहर के कोलाहल से दूर साबित हुई यह यादगार गोष्ठी

भीड़भाड़ वाले शहरों के कोलाहल से दूर ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित हुई यह गोष्टी एक यादगार गोष्ठी साबित हुई। गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे शिक्षाविद कपिल देव सिंह ने सर्वप्रथम अपनी कई रचनाएं सुनाई। कार्यक्रम के आयोजक पूर्व सरपंच राम प्रवेश सिंह ने आगत अतिथियों का स्वागत किया और उनके प्रति आभार प्रकट किया। इस कार्यक्रम में युवा समाजसेवी राकेश कुमार सिंह एवं राजकिशोर सिंह उपस्थित थे। अंत में जितेंद्र कुमार सिंह ने गोष्ठी में शामिल सभी साहित्यकारों और आयोजक राम प्रवेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन जितेंद्र कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम के आयोजक पूर्व सरपंच सिंह ने भी आगत अतिथियों का स्वागत किया और उनके प्रति आभार प्रकट किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *