Advertisement

जरिडीह में जमीन पर जबरन कब्जे का आरोप, उपायुक्त से लगाई गुहार

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरिडीह अंचल के मौजा बांधडीह स्थित एक निजी जमीन पर जबरन अवैध कब्जा और निर्माण कार्य किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित भूमिधर ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।

जानकारी के अनुसार जरिडीह थाना क्षेत्र के ग्राम बांधडीह रहिवासी श्यामल कुमार पिता रामेश्वर प्रसाद मंडल ने बोकारो उपायुक्त को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनकी पुश्तैनी जमीन खाता संख्या-1/550, प्लॉट संख्या-1645/5442, रकबा-1.92 एकड़ पर दबंगों द्वारा जबरन अवैध कब्जा किया जा रहा है।

आवेदन में कहा गया है कि उक्त भूमि पर वे लंबे समय से दखलकार एवं रैयत के रूप में शांतिपूर्ण ढंग से काबिज हैं तथा समय-समय पर भूमि का राजस्व लगान भी अदा करते रहे हैं। बावजूद इसके उनकी अनुपस्थिति का लाभ उठाकर लक्ष्मण अग्रवाल, पिता स्वर्गीय संतलाल अग्रवाल, रहिवासी सी/37, सिटी सेंटर सेक्टर चार बीएस सिटी बोकारो सहित अन्य असामाजिक तत्वों द्वारा जमीन पर अवैध निर्माण कार्य कराया गया है। अब भी कार्य जारी है।

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने इस अवैध निर्माण का विरोध किया, तो उन्हें बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। इससे उनका परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। श्यामल ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि इस जमीन को लेकर पूर्व में कई बार अंचल अधिकारी जरिडीह को आवेदन दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने वर्ष 2004-05, 2005-06, 2008-09 एवं 2009-10 के राजस्व रसीदों तथा अंचल निरीक्षक जरिडीह द्वारा समर्पित रिपोर्ट की छायाप्रति भी संलग्न की है, जो उनके स्वामित्व और दखल को प्रमाणित करती है।

पीड़ित ने उपायुक्त से मांग की है कि उनकी जमीन पर हो रहे जबरन अवैध कब्जे और निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए तथा विधि सम्मत तरीके से भूमि का सीमांकन कराकर उनकी जमीन को सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार का विवाद न हो। उक्त मामले ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर आरोप पर कितनी शीघ्रता से कार्रवाई करता है और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *