Advertisement

आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली में तेजी लाने को लेकर डीडीसी ने दिए सख्त निर्देश

 

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। जिला समाहरणालय सभागार में बोकारो के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार की अध्यक्षता में 21 जुलाई को महिला एवं बाल विकास (आइसीडीएस) तथा सामाजिक सुरक्षा विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक की गई।

बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुमन गुप्ता, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा पियूष, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत सभी प्रखंडो के सीडीपीओ, पर्यवेक्षिका और संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

बैठक में डीडीसी ने निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में सभी रजिस्टर व रिकॉर्ड समय पर अपडेट हों। निरीक्षण में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मिशन सक्षम के तहत चयनित 715 केंद्रों में शेष केंद्रों पर शौचालय, पेयजल, बिजली, एलईडी स्क्रीन, बाल पेंटिंग जैसी सुविधाएं जल्द स्थापित करने को कहा।

उन्होंने पोषण 2.0 योजना के तहत 400 आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका की स्थापना का निर्देश दिया, ताकि बच्चों को पोषणयुक्त ताजा फल-सब्जियां मिल सकें। साथ ही, डीडीसी ने पोषण ट्रैकर एप पर सभी गतिविधियों की अद्यतन जानकारी दर्ज करने को अनिवार्य बताया।

बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, किशोरी समृद्धि योजना, पूरक पोषाहार और पेंशन योजनाओं की भी समीक्षा की गई। डीडीसी ने आधार सीडिंग व बैंक विवरण में त्रुटियों को दूर करने हेतु अभियान चलाने व प्रखंडों को प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित कर उसका पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *