पार्किंग संचालन के लिए ई-नीलामी प्रक्रिया घोषित
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल के 8 रेलवे स्टेशनों पर पार्किंग स्टैंड के संचालन के लिए ई- नीलामी प्रक्रिया घोषित की गई है।
यात्रियों की सुविधा एवं स्टेशन परिसरों के बेहतर प्रबंधन के लिए पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल ने एक अहम पहल करते हुए आगामी 26 जुलाई को आठ प्रमुख स्टेशनों पर पार्किंग स्टैंड के संचालन के लिए ई-नीलामी आयोजित करेगा। इस नीलामी के माध्यम से योग्य बोलीदाता इन स्टेशनों पर निर्धारित अवधि के लिए पार्किंग संचालन का अधिकार प्राप्त कर सकेंगे।
पार्किंग स्टैंड के संचालन के लिए ई- नीलामी प्रक्रिया में वैशाली जिला के हद में देसरी स्टेशन को भी शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त मुजफ्फरपुर, बरौनी जंक्शन, बेगूसराय, मानसी, महेशखुट, उजियारपुर, कर्पूरीग्राम शामिल हैं। इस प्रक्रिया का संचालन आईआरईपीएस (इंडियन रेलवेज ई- प्रोक्योरमेंट सिस्टम) पोर्टल के माध्यम से डिजिटल व पारदर्शी रूप से किया जाएगा, जिससे बोली प्रक्रिया निष्पक्ष रहे और सभी इच्छुक प्रतिभागी समान अवसर प्राप्त करें। बोलीदाता निर्धारित तिथि से पूर्व आईआरईपीएस पोर्टल पर आवश्यक दस्तावेजों व शर्तों के साथ पंजीकरण कर सकते हैं।
सोनपुर रेल मंडल के अनुसार यह प्रयास केवल यातायात को सुव्यवस्थित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि रेलवे के राजस्व में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। पार्किंग व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि स्टेशन परिसर का संचालन भी अधिक व्यवस्थित रूप से किया जा सकेगा।

![]()













Leave a Reply