Advertisement

टॉवर केबल चोरी का खुलासा, दो चोर गिरफ्तार, 70 मीटर तार व् बैट्री बरामद

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के शहरी क्षेत्रों में टॉवर से केबल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं को लेकर पुलिस सतर्क हो गई थी। इस संदर्भ में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष छापामारी अभियान चलाया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि इसी क्रम में 16-17 जुलाई की रात्रि गुप्त सूचना मिली कि सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के नटखट दुकान के समीप लगे टॉवर से केबल चोरी की जा रही है। सूचना मिलते ही छापामारी दल मौके पर पहुंचकर दो चोरों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक प्लास्टिक बोरे में टॉवर से काटे गए लगभग 70 मीटर केबल तार, एक हेक्सा ब्लेड, दो ब्लेड, एक चाकू और दो बैट्री बरामद की गई। पूछताछ के क्रम में आरोपियों की निशानदेही पर शहर के अन्य स्थानों से भी चोरी की गई सामग्री बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय प्रकाश कुमार और 23 वर्षीय राहुल कुमार उर्फ राहुल घासी के रूप में हुई है। दोनों ही सेक्टर चार थाना क्षेत्र के झोपड़ी बस्ती रहिवासी हैं।
इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध सेक्टर चार थाना में कांड क्रमांक 49/25 और 50/25 धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। छापामारी दल में नगर डीएसपी के अलावा थाना प्रभारी संजय कुमार, अवेन्द्र कुमार साव, मुन्ना रमानी, सुनील मनोहर, सुरेश उरांव सहित कई आरक्षी शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में केबल चोरी के मामलों पर अंकुश लगने की संभावना है। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता की सराहना की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *