Advertisement

पेटरवार में +2 स्कूलों के प्राचार्यों का तंबाकू नियंत्रण पर एक दिवसीय प्रशिक्षण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त के आदेशानुसार तथा सिविल सर्जन और जिला शिक्षा पदाधिकारी बोकारो के संयुक्त निर्देशन में जिला के हद में कसमार एवं पेटरवार प्रखंड के सभी +2 विद्यालयों के प्राचार्य, बीपीओ और बीआरपी के लिए 17 जुलाई को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त आयोजन पेटरवार प्रखंड कार्यालय सभागार में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत जिला परामर्शी मो. असलम द्वारा की गई, जिन्होंने राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की वर्तमान स्थिति से प्रतिभागियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि विद्यालयों को तंबाकू मुक्त रखने के लिए टोफी गाइडलाइन के तहत 9 बिंदुओं पर काम करना आवश्यक है। इनमें सबसे महत्वपूर्ण है कि विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान का स्पष्ट दीवार लेखन हो और विद्यालय की चहारदीवारी से 100 मीटर के दायरे को तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित किया जाए।

जिला परामर्शी ने बताया कि यदि विद्यालय क्षेत्र के भीतर कोई दुकान तंबाकू उत्पाद बेचती पाई जाती है, तो उसकी सूचना संबंधित थाना प्रभारी को दी जाए, ताकि कोटपा 2003 की धारा 6(बी) के तहत कार्रवाई की जा सके।

इस अवसर पर एनसीडी की नोडल पदाधिकारी डॉ सुधा सिंह ने सभी प्राचार्यों से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण के उपरांत गाइडलाइन के अनुसार स्वयं मूल्यांकन फॉर्म भरकर कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करें। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि मो. असलम, छोटेलाल दास तथा कसमार और पेटरवार के सभी प्रतिभागी उपस्थित रहे। यह प्रशिक्षण स्कूलों को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *