अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। गंगा एवं गंडक नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी होते रहने के कारण सारण जिला के हद में सोनपुर अंचल के निचले इलाके में धीरे- धीरे बाढ़ का पानी पसरने लगा है। निचले इलाके में लगी फसलों को नुकसान भी पहुंचा है।
सोनपुर अंचल के गंगा-गंडक तटवर्ती सबलपुर दियारा के सभी चार पंचायतों के एक दम निचले इलाके में 17 जुलाई को अचानक बाढ़ का पानी पसरना शुरू हो गया है। रफ्तार धीमी है परंतु इसी तरह वृद्धि होती रही तो बाढ़ आने की संभावना प्रबल हो जायेगी।
हरिहरनाथ थाना के सामने महीनदी में एक पतली धारा के साथ गंडक नदी का जल तेजी से प्रवेश कर रहा है, जिससे अब तक सूखी नदी में जल की धारा प्रवाहित होने लगी है। सोनपुर, आदम और हरिहरनाथ रेलवे कॉलोनी के ठीक उत्तर संकट मोचन मंदिर एवं सबलपुर जाने वाली सड़क पर मही नदी में पानी भर गया है। जिससे इस मार्ग पर पैदल या वाहन चलना आज से बंद हो गया है। हरिहरनाथ थाना के सामने से सबलपुर हस्ती टोला जाने वाले ईस सड़क पर योगी स्थान पुल के निकट भी गंडक नदी के बाढ़ का पानी आज प्रवेश करने लगा।
इसी सड़क पर थोड़ा आगे बढ़ने पर प्राथमिक विद्यालय के निकट पूरब सड़क पुल के नीचे के मार्ग से बाढ़ का पानी हस्ती टोला के उत्तर निचले इलाके के खेतों में घुस चुका है। जल स्तर में वृद्धि होती रही तो अगले दो दिनों के भीतर बाढ़ का पानी हस्ती टोला होते हुए सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत के बभनटोली स्थित पूरे अठघरवा एवं उतरवारी टोला के उत्तरी भाग के निचले इलाके के खेतों को जलप्लावित कर देगा, जिससे सब्जियों की खेती को बड़ा नुकसान पहुंचेगा। नया बाजार भी इससे प्रभावित होगा। सबलपुर पूर्वी पंचायत के कंकड़ा टोला के पास से गंडकी नदी के बाढ़ का पानी चहारम टोला एवं हस्ती टोला के मध्य निचले इलाके के खेतों में भर रहा है। यह पानी सबलपुर कचहरी बाजार की ओर पसरता हुआ बढ़ रहा है।

![]()













Leave a Reply