सांसद ने की छात्रा हत्याकांड के हत्यारों को फांसी देने की मांग
गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। पूर्णिया के सांसद राकेश रंजन उर्फ पप्पू यादव 17 जुलाई को वैशाली जिला के हद में गोरौल थाना क्षेत्र के पीरपुरा मथुरा गांव पहुंचे। एल एन कॉलेज की छात्रा संजना भारती की हत्या की जानकारी मिलने पर सांसद यादव मृतका के माता-पिता से मिलने उसके गांव पहुंचे।
इस अवसर पर सांसद पप्पू यादव ने मृत संजना के माता-पिता से घटना की पूरी जानकारी ली और उसके माता-पिता को सांत्वना देते हुए न्याय की लड़ाई में साथ देने का वायदा किया। पूर्णिया सांसद के आगमन की सूचना पर आसपास के ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता काफी संख्या में पहुंच गए। साथ ही प्रेस वालों का जमवाड़ा भी लग गया।

इस अवसर पर प्रेस को संबोधित करते हुए सांसद यादव ने कहा कि कॉलेज छात्रा संजना भारती के साथ हुई अमानवीय घटना ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया है। कॉलेज छात्रा को अपहरण के बाद दरिंदों ने उसकी हत्या कर शव को जमीन में दफना दिया। परिजनों का आरोप और पीड़ा दोनों ही अत्यंत गंभीर हैं ।यह सिर्फ एक परिवार की नहीं, समाज की अस्मिता पर हमला है। उन्होंने कहा कि आज पीड़ित परिवार से मिलकर शोक संवेदना प्रकट की और राज्य सरकार से मांग की कि इस जघन्य अपराध में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा मिले और परिवार को समुचित मुआवजा व सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि संजना को न्याय दिलाना अब हम सबकी ज़िम्मेदारी है। संजना हत्याकांड में स्थानीय पुलिस की लापरवाही पर उन्होंने गहरा दुःख व्यक्त किया। साथ ही पुलिस पदाधिकारी से घटना की तुरंत जांच की मांग की, ताकि हत्यारा पकड़ा जाए।
![]()














Leave a Reply