Advertisement

छपरा शहर के सभी सड़कों का सुदृढ़ीकरण व् होगी जल निकासी की स्थाई व्यवस्था

वेडिंग जोन निर्माण तथा पोखरा व पार्कों के सौंदर्यीकरण को लेकर बैठक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी अमन समीर ने बीते 6 जून को जिला मुख्यालय छपरा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में बैठक की। बैठक में उन्होंने छपरा नगर निगम के नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडेय, वरीय परियोजना अभियंता बुडको तथा नगर निगम के अभियंताओं के साथ छपरा शहर के सभी सड़कों के सुदृढ़ीकरण, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था, वेडिंग जोन निर्माण तथा सभी पोखरा व पार्कों के सौंदर्यीकरण के लिए व्यापक मंथन किया।

बैठक में एक सप्ताह के भीतर छपरा नगर निगम के हद में सभी 45 वार्डों में सभी मुख्य एवं सहायक पथों का उनकी चौड़ाई एवं व्याप्त अतिक्रमण के साथ रोड मैप तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि संबंधित पथों का अमीन से नापी कराकर अधिक से अधिक चौड़ाई में मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना अथवा पथ प्रमंडल या अन्य योजना के तहत सभी जर्जर पथों का निर्माण व् मरम्मति कराया जा सके।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि रूर्बन प्लान के तहत जो सभी नालों के सुदृढ़ीकरण की योजना बनी है, उसपर हुए अतिक्रमण के संबंध में प्रतिवेदन तैयार कर प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो नालों के संपूर्ण भाग पर हुए अतिक्रमण को नियमित रूप से हटवाना सुनिश्चित करें, ताकि जल निकासी सही ढंग से कराया जा सके। साथ ही जो नाले बार बार जाम हो जाते हैं, उन नालों के पक्का निर्माण के लिए बुडको प्राक्कलन तैयार करें, ताकि उसे भी मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना में लेकर पक्का नाला का निर्माण कराया जा सके।

इसके साथ ही जिलाधिकारी समीर द्वारा मज़हरूल हक चौक से महमूद चौक तक सड़क के पूर्वी भाग में खाली भूमि तथा जिला परिषद अध्यक्ष के आवास के पीछे के भूमि तथा बस स्टैंड के पास बिहार परिवहन निगम के बगल में स्थित भूमि पर वेडिंग जोन के निर्माण के लिए नगर बोर्ड से प्रस्ताव पारित कराकर अविलंब आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही छपरा नगर निगम के सभी पोखरों यथा शिल्पी पोखरा, शाह बनवारी लाल पोखरा, राजेंद्र सरोवर आदि पोखरों के सौंदर्यीकरण के लिए अविलंब प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि अगले माह से सभी योजनाओं को मूर्त रूप दिया जा सके। साथ ही सभी छोटे-मोटे अतिक्रमणों को हटवाते हुए खनुआ नाला का निर्माण कार्य एक माह के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *