काफिले में शामिल तीन सुरक्षाकर्मी जख्मी, गोरौल अस्पताल में इलाज
घटना गंभीर और चिंताजनक, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जरूरत-तेजस्वी
गंगोत्री प्रसाद सिंह/अवध किशोर शर्मा/हाजीपुर, सारण (बिहार)। वैशाली जिला के हद में गोरौल थाना क्षेत्र में बीते 6-7 जून की मध्य रात्रि बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक बड़ी सड़क दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वे मधेपुरा से पटना लौट रहे थे। रास्ते में वैशाली जिला के हद में गोरौल के समीप एनएच-22 पर तेज रफ्तार एक बेकाबू ट्रक ने उनके काफिले की गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शीयों के अनुसार यह घटना देर रात लगभग 1:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे में काफिले में शामिल तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए, जिन्हें तत्काल स्थानीय गोरौल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष के आने की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल पहुंचे सिविल सर्जन डॉ श्याम नंदन प्रसाद के निगरानी में डाक्टरों की टीम द्वारा घायलों का इलाज किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय काफिले की गति सामान्य थी, लेकिन अचानक पीछे से आकर तेज गति से बालू लदा ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के रहिवासी जमा हो गए। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बीते 6 जून की सुबह 10 बजे मधेपुरा एक कार्यक्रम में गए थे। पटना लौटने के दौरान सभी गोरौल में चाय पीने के लिए रुके थे। उसी दौरान एक ट्रक ने अनियंत्रित होकर उनके सामने 2-3 गाड़ियों में टक्कर मार दी। इस क्रम में उनकी सुरक्षा में तैनात पास खड़े सुरक्षाकर्मी ट्रक की चपेट में आ गए। जिससे तीन सुरक्षा कर्मी घायल हुए हैं।
हाजीपुर से *जगत प्रहरी* के अनुसार मधेपुरा से पटना लौटने के क्रम में मुजफ्फरपुर हाजीपुर फोरलेन 22 के गौरव बाजार के समीप तेज रफ्तार एक ट्रक ने राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के काफिले में चल रही पुलिस गाड़ी में टक्कर मार दी, जिसमें तेजस्वी के साथ चल रहे तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक तेजी से ट्रक को भागते हुए चला गया, जिसे पटेढ़ा टोल प्लाजा के समीप वैशाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
घटना के सम्बन्ध में बताया गया है कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मधेपुरा कार्यक्रम में गए थे। पटना लौटने के दौरान हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग के गोरौल में चाय पीने के लिए रुके थे। उस दौरान एक ट्रक ने अनियंत्रित होकर उनके सामने 2/3 गाड़ियों में टक्कर मार दी। वहीं, आस पास सुरक्षाकर्मी खड़े थे जिनमें से 3 घायल हो गए। इस हादसे के बाद वैशाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भाग रहे ट्रक को पकड़ लिया है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
तेजस्वी यादव के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद उन्होंने प्रशासन को फोन किया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। उन्होंने अपने काफिले की गाड़ी से घायलों को अस्पताल भिजवाया। इस दुर्घटना में तेजस्वी ने अपनी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या साजिश से पूरी तरह इनकार किया है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में घायल पुलिस कर्मियों का इलाज़ सदर अस्पताल हाजीपुर में किया गया। इस घटना की सूचना पर राष्ट्रीय जनता दल के महुआ विधायक डॉ मुकेश रोशन के अलावे पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी काफी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। तेजस्वी खुद अस्पताल जाकर घायलों का हाल-चाल पूछा और बेहतर इलाज के लिए घायल पुलिस कर्मियों को पटना पीएमसीएच रेफर किया गया।
तेजस्वी ने बताया कि हादसा उनसे केवल 5 फीट की दूरी पर हुआ। अगर गाड़ी कुछ और आगे बढ़ गई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने घटना को बेहद गंभीर और चिंताजनक बताया। साथ हीं कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जरूरत है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। सराय थाना पुलिस ने पटेढ़ा टोल प्लाजा पर ट्रक को रोककर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में इस घटना की प्रतिक्रिया देखने को मिली है। राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं कई नेताओं ने घटना को चौंकाने वाला और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल बताते हुए निंदा की है। इधर घायल सुरक्षाकर्मियों की पहचान की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, सभी की हालत स्थिर है। हालांकि एक सुरक्षाकर्मी को सिर में चोट आई है और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। उक्त घटना की सूचना मिलते हीं राजद के सैकड़ो कार्यकर्ता सदर अस्पताल पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष के साथ मे राजद प्रवक्ता शक्ति यादव सहित स्थानीय नेता व राजद विधायक उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply