दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि व्यवस्था को लेकर डीएम व् एसपी ने की बैठक

प्रतिमाओं एवं विसर्जन शोभा यात्रा के लिये लाइसेंस अनिवार्य-डीएम

बैठक में असामाजिक तत्वों के विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई का निर्देश

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। दुर्गा पूजा के अवसर पर सामान्य विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर 3 अक्टूबर को सारण जिला मुख्यालय छपरा स्थित समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी (डीएम) एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी)
ने बैठक की।

आयोजित बैठक में दुर्गा पूजा आयोजन स्थलों पर भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता एवं समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिले के जिन थाना क्षेत्र में रावण पुतला दहन कार्यक्रम तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होना है उसकी भी विस्तृत जानकारी ली गई।

बैठक में डीएम अमन समीर द्वारा कहा गया कि अन्य त्योहारों की तरह दुर्गा पूजा में भी डीजे का उपयोग वर्जित रहेगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष के अलावा उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता मुकेश कुमार, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

इसके अलावा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष आदि जुड़े थे।
बैठक में सभी थानाध्यक्ष से एक-एक कर उनके थाना क्षेत्र में स्थापित की जाने वाली दुर्गा प्रतिमाओं के बारे में जानकारी ली गई। कहा गया कि सभी प्रतिमा स्थापना एवं विसर्जन शोभा यात्रा के लिये लाइसेन्स लेना अनिवार्य है।

इस संबंध में सभी थाना प्रभारी को सभी आयोजकों से आवेदन प्राप्त कर लाइसेंस की प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। वीडिओ कंन्फ्रेंसिंग में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में आयोजित होने वाले रावण पुतला दहन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी ली गई। सभी आयोजकों के साथ पहले ही बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश जारी करने को कहा गया।

इन आयोजन स्थलों पर भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता एवं समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी थाना स्तर पर स्थानीय शांति समिति की बैठक सुनिश्चित करने को कहा गया। कहा गया कि त्योहारों में डीजे का उपयोग वर्जित है। इस संबंध में सभी डीजे संचालकों के साथ बैठक कर इस आशय की पूर्व जानकारी देने को कहा गया। इसका उल्लंघन करने वाले का डीजे उपकरणों को जप्त कर किया जायेगा।

बैठक में सभी विसर्जन मार्गों का भौतिक रूप से अनिवार्य सत्यापन करने को कहा गया। मार्ग में संवेदनशील स्थलों को पहले से ही चिन्हित कर वहां के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। कहा गया कि पूजा के दौरान शहरी क्षेत्र, विशेष रूप से छपरा शहर के लिये विशेष ट्रैफिक प्लान की व्यवस्था की जा रही है। इसकी पूर्व जानकारी सभी को दी जायेगी।

बैठक में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा उपयुक्त मामलों में सीसीए के तहत प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया। कहा गया कि भीड़ प्रबंधन के लिये सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर ड्रोन कैमरे के माध्यम से निगरानी की जायेगी। आयोजकों के माध्यम से पूजा पंडाल में सीसीटीवी लगाने के लिए प्रयास किया जाय।

सभी विसर्जन जुलूस की वीडियोग्राफी प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की जायेगी। सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर सादे लिबास में पुलिस बल भी प्रतिनियुक्त रहेंगे। सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर स्थित पूजा पंडालों में कारगर पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड में रखने को कहा गया।

दुर्गा पूजा के अवसर पर छपरा शहर में साफ-सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश नगर निगम को दिया गया। सभी आवश्यक जगहों पर नये स्ट्रीट लाइट लगाने एवं खराब व् पुराने लाइट को तत्काल बदलने के लिए कहा गया।सभी पूजा पंडालों की सेफ्टी ऑडिट भवन प्रमण्डल, विद्युत विभाग एवं अग्निशमन विभाग को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी विसर्जन मार्ग में बिजली के तारों की सेफ्टी ऑडिट विद्युत विभाग के अभियंता को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर डीएम तथा एसपी द्वारा जिला के साथ अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया। विधि व्यवस्था के लिए संयुक्त आदेश के माध्यम से दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति पर जोर दिया गया। कहा गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक/अफवाह जनक मैसेज फैलाने वालों पर 24 घंटे पैनी नजर रखी जा रही है। साइबर सेनानी ग्रुप के माध्यम से भी इस पर नजर रखी जा रही है।

 23 total views,  23 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *