सड़क दुर्घटना में कानीडीह रहिवासी की मौत

मुआवजा के लिए ग्रामीणों द्वारा कथारा-फुसरो सड़क जाम

प्रहरी संवाददाता/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कथारा फुसरो मुख्य मार्ग पर बेरमो रेलवे स्टेशन के समीप 10 सितंबर की शाम हुई सड़क हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर हीं मौत हो गयी।

जानकारी के अनुसार उक्त सड़क दुर्घटना में पेटरवार प्रखंड के हद में चलकरी दक्षिणी पंचायत के कानीडीह रहिवासी लगभग 45 वर्षीय लाल कुमार मुर्मू पिता स्व. जुगल मांझी की मृत्यु हो गई।

बताया जाता है कि मृतक जरीडीह बाजार से सिलाई सामग्री लेकर चलकरी लौट रहा था, इस क्रम में गांधीनगर थाना क्षेत्र के बेरमो रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात मारुति वैन ओमनी द्वारा कुचल दिए जाने के कारण उसकी घटनास्थल पर हीं मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियो के अनुसार युवक को ठोकर मारने के बाद अज्ञात ओमनी चालक वाहन को लेकर फरार हो गया है।

घटना के बाद चलकरी पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना पाकर गांधीनगर थाना प्रभारी पिंटू कुमार महथा, बेरमो इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह, बेरमो अंचलाधिकारी संजीत कुमार सिंह के अलावा झारखंड मुक्ति मोर्चा के बोकारो जिलाध्यक्ष हीरालाल मांझी, बेरमो प्रखंड प्रमुख गिरिजा देवी, आजसू नेता संतोष महतो, कांग्रेस नेता प्रवेश अख्तर, भाजपा नेत्री अर्चना सिंह, आदि।

चलकरी उत्तरी पंचायत के मुखिया अक्लेश्वर ठाकुर उर्फ झगरू, पंचायत समिति सदस्य इंद्रजीत मंडल, चलकरी दक्षिणी पंचायत के मुखिया दुर्गा मांझी, झामुमो के भोलू खान, रंजीत महतो, जेबीकेएसएस के कमलेश महतो, सोनाराम मुर्मू, प्रमोद शर्मा, अशोक मंडल, अरुण गिरी, मोहन माझी, सुरेश मांझी, राजेश शर्मा, निमाई मंडल, झामुमो के दीपक महतो सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

घटना स्थल पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई जिसमें फोन पर बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह ने अपने निजी मद से मृतक के परिजनों को 50 हजार रुपए भिजवाए। इसके अलावा बेरमो सीओ संजीत कुमार सिंह द्वारा प्रशासन की ओर से अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार दिए गये।

साथ ही उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफआईआर की कॉपी मिलने के बाद 24 घंटे के अंदर मृतक की पत्नी राजमती देवी को हिट एंड रन की राशि ₹3 लाख मुआवजा, विधवा पेंशन, अबुआ आवास, मृतक के बच्चों को सरकारी स्तर पर मुफ्त शिक्षा दिलाने एवं घटना स्थल पर स्पीड ब्रेकर लगाने के लिए प्रोसेस करने और ओमनी को पकड़ने का आश्वासन दिया गया। मृतक की दो पुत्री और एक पुत्र है। मुआवजा मिलने के बाद रात्रि 8:30 बजे शव को सड़क से उठाया गया। जिसे दूसरे दिन 11 सितंबर की सुबह तेनुघाट पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।

 52 total views,  2 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *