कसमार में 2 घर जले, नकदी समेत जमीन के कागजात जल कर हुआ खाक

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। बोकारो जिला (Bokaro district) के हद में कसमार थाना क्षेत्र के हिसीम पंचायत स्थित डूमरकुदर गांव में अगलगी की घटना में दो घर जल कर खाक हो गया। अगलगी की घटना में लाखों रुपये की क्षति हुई है। आगलगी से दोनों परिवार बेघर हो गया है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। विधायक (MLA) ने सरकार द्वारा मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
जानकारी के अनुसार डूमरकुदर निवासी हुलासी देवी (पति- जलेश्वर महतो) एवं सानिया देवी (पति- भृगुराम महतो) के घर में बीते 14-15 मई की अर्धरात्रि अचानक आग लग गयी। उस वक्त घर के सारे सदस्य सोये थे। आग की लपटें देख घर में हड़कंप मच गया। हो-हल्ला मचाते हुए घर के सारे सदस्यों ने किसी तरह घरों से निकल कर अपनी जान बचायी। दो घरों में आग लगने की जानकारी पाकर आस-पड़ोस के ग्रामीण भी जुटे। आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। तब-तक दोनों घर जलकर पुरी तरह खाक हो चुका था। इधर आग बुझाने के क्रम में स्थानीय रहिवासी अनिल महतो की पत्नी यमुना देवी (35 वर्ष) जख्मी हो गयी। घटना में हुलासी देवी का दो कमरा, नगदी 20 हजार रुपये, अनाज, कपड़े, 140 किग्रा महुआ, 3 क्विंटल चावल, 2 क्विंटल गेहूं तथा जमीन के जरूरी कागजात तथा सानिया देवी का भी दो कमरा का घर के अलावा 27 हजार रुपये नकदी, जमीन का पट्टा, महुआ 2 क्विंटल, आलू 2 क्विंटल, कपड़ा, धान समेत अन्य कई प्रकार के सामान जल कर नष्ट हो गया।
इस अगलगी की घटना के बाद दोनों परिवार पुरी तरह से बेघर हो गये हैं। परिजनों को दूसरे के घरों में जाकर शरण लेनी पड़ी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद 15 मई की सुबह जागृति महिला संघ की अध्यक्षा सुनीता देवी ने घटनास्थल पर जाकर पीड़ित परिवारों से भेंट की तथा प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी सूचना देते हुए अविलंब मुआवजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि घटना के कारण पीड़ित परिवार के पास रहने का भी ठिकाना नहीं रह गया है। इधर, सीओ के निर्देश पर अंचल के राजस्व कर्मचारी ने मौके पर पहुंच कर घटना एवं क्षति का जायजा लिया। पीड़ित परिवारों ने स्थानीय गोमियां विधायक से भी मुआवजा दिलाने का आग्रह किया। विधायक ने बताया कि इस बाबत अधिकारियों से बात हो गयी है। जल्द ही क्षतिपूर्ति दिलायी जायेगी।

 254 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *